दमोह में प्रवेश उत्सव के दौरान कलेक्टर मिठाई लेकर पहुंच गए।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में इस समय प्रवेश उत्सव मनाया जा रहा है। दमोह में शिवाजी प्राथमिक विद्यालय में भी प्रवेश उत्सव मनाया जा रहा था, तब अचानक कलेक्टर सुधीर कोचर वहां पहुंच गए। साथ में मिठाई लेकर पहुंचे थे। उन्होंने बच्चों को मिठाई खिलाई। साथ ही बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत भी किया। इस दौरान बच्चों के सवालों के जवाब भी दिए। उनसे एक बच्चे ने पूछ लिया कि आप इतने बड़े अधिकारी कैसे बने? तब उन्होंने सिविल सर्विसेस परीक्षा के बारे में भी जानकारी दी।
प्रवेश उत्सव के लिए शिक्षक समय पर स्कूल पहुंच गए थे। इससे कलेक्टर भी खुश हुए। कलेक्टर ने स्कूल के बच्चों से मुलाकात की। उनसे चर्चा की और उन्हें टिप्स भी दिए। कक्षा पहली में प्रवेश लेने पहुंचे बच्चों को कलेक्टर ने कॉपी, पेंसिल और तिलक लगाकर मिठाई बांटी। कई बच्चों से उन्होंने दोस्त की तरह बातचीत की। उसके बाद सभी के साथ फोटो खिंचवाया।
कलेक्टर ने स्कूल के सभी शिक्षकों से कहा कि यह नन्हे बच्चे देश का भविष्य है। यह उनकी शिक्षा की पहली सीढ़ी है। इनकी नीव मजबूत होनी चाहिए। यह काम आप सभी शिक्षक बेहतर ढंग से कर सकते हैं। सभी इस बात का संकल्प लें कि भारत के इस भविष्य की नींव इतनी मजबूत करेंगे ताकि आने वाले समय में जब यह उच्च शिक्षा तक पहुंचे तो उन्हें किसी भी तरह की कठिनाई का सामना न करना पड़े। सभी शिक्षा के क्षेत्र में अपना बेहतर प्रदर्शन कर देश के विकास में अपनी भागीदारी निभा सके।