दमोह नगर पालिका क्षेत्र की सुभाष कॉलोनी में हाल ही में हुई बारिश से भारी जलभराव हो गया था, जिसके चलते नाव चलानी पड़ी थी। अब यहां से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। शनिवार सुबह कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर इस क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण के कारण बारिश का पानी ठीक से निकल नहीं पाता, जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। जब तक अतिक्रमण नहीं हटाया जाता, यहां पानी की निकासी व्यवस्थित रूप से नहीं हो पाएगी। इस वजह से कार्य योजना बनाकर अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया गया है।
कलेक्टर ने बताया कि कुछ दिन पहले हुई बारिश से जलभराव की स्थिति बन गई थी। इसका मुख्य कारण नालियों की सफाई न होना और पानी के निकास पर अतिक्रमण है। इसके अलावा, इस क्षेत्र से सटे ग्रामीण इलाके में भी जहां पानी बाहर जाता है, वहां पर निर्माण कार्य और सफाई की आवश्यकता है। यह कार्य जल्द ही किया जाएगा। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी कलेक्टर को अतिक्रमण की स्थिति के बारे में जानकारी दी और सुझाव दिया कि किन-किन स्थानों से अतिक्रमण हटाया जाए ताकि जलभराव की स्थिति से बचा जा सके। नगर पालिका का अमला भी इस मौके पर मौजूद रहा।
सोमवार की रात हुई बारिश के बाद इस क्षेत्र में करीब तीन से चार फीट पानी भर गया था, जिससे करीब 10 परिवारों के लोगों को नाव से रेस्क्यू करना पड़ा था। हालांकि, बारिश थमने के एक-दो घंटे बाद पानी निकल गया था, लेकिन लगातार हुई बारिश के कारण यहां पानी भर गया था और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।