दमोह में गुरुवार को करीब एक सप्ताह के बाद फिर से कोहरे ने सफेद चादर ओढ़ ली है। चारों तरफ धुंध ही धुंध दिखाई दे रही है। स्थिति यह है कि सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों की रफ्तार थम गई है। जो वाहन चल रहे हैं, वह हेडलाइट जलाकर ही निकल रहे हैं। अचानक छाए कोहरे से ठंड भी काफी अधिक बढ़ गई है, क्योंकि रिमझिम फुहार की तरह कोहरा गिर रहा है और लोग ठंड से कांपने मजबूर हो रहे हैं। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी काफी गिरावट आ गई 8 डिग्री तक पहुंच गया।
बता दें पिछले करीब एक सप्ताह से बिल्कुल भी कोहरा नहीं था और पूरे दिन तेज धूप निकल रही थी। हालांकि ठंड में कोई कमी नहीं थी, लेकिन तेज धूप निकलने से लोगों को राहत थी। बुधवार की रात से अचानक शीतलहर चलने लगी और गुरुवार सुबह जब लोग सोकर उठे तो उन्हें चारो ओर कोहरा ही कोहरा दिखाई दिया। इसके साथ ही हल्की हवा भी चल रही है, जिससे ठंड काफी अधिक हो रही है। मौसम देखकर तो ऐसा लगता है कि अब आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा।