मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल जारी होने के बाद ही लगातार दोनों ही पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थकों में अपने-अपने प्रत्याशी की जीत के प्रति पूर्ण रूप से भरोसा जताया जा रहा है। दमोह में भाजपा प्रत्याशी जयंत मलैया की जीत होने पर एक चाय दुकान संचालक ने फ्री में चाय देने के बोर्ड अपनी दुकान में लगाए हैं।
उसका कहना है कि उसे पूरा विश्वास है कि जीत जयंत मलैया की होगी। क्योंकि वह सात बार विधायक रह चुके हैं और उन्होंने सभी समाज के लोगों के लिए मिलकर काम किया है। इसलिए वह प्रार्थना करता है कि भाजपा प्रत्याशी ही दमोह से जीते।
दमोह के चमन चौराहे पर इब्राहिम चाय वाले के नाम से यह दुकान संचालित होती है। दुकान संचालक इब्राहिम खान के द्वारा अपनी दुकान पर यह बोर्ड लगाए गए हैं, जिसमें लिखा है कि तीन दिसंबर मतगणना के दिन होटल फ्री रहेगी। दोपहर एक बजे से चार बजे तक चाय की दुकान पर किसी प्रकार का पैसा लोगों से नहीं लिया जाएगा और सभी को फ्री में चाय पिलाई जाएगी।
इस बारे ने इब्राहिम खान ने बताया कि उसकी ऊपर वाले से प्रार्थना है कि दमोह में भाजपा प्रत्याशी जयंत मलैया ही जीतें। क्योंकि उन्होंने मुस्लिम समाज के अलावा सभी समाज के लोगों के लिए बहुत काम किया है और यदि वह जीतते हैं तो आगे भी सभी समाज के लोगों को लेकर साथ में चलेंगे। इसलिए उसने यह फैसला लिया है कि जैसे ही मतगणना के परिणाम आएंगे और जयंत मलैया लीड लेते हैं, उसकी चाय की दुकान में लोगों के लिए चाय फ्री मिलेगी। किसी प्रकार का पैसा नहीं लिया जाएगा। कोई भी व्यक्ति आकर उसकी दुकान पर फ्री में चाय पी सकता है। बता दें, जयंत मलैया का मुकाबला कांग्रेस के वर्तमान विधायक अजय टंडन से है और दोनों ही दलों के प्रत्याशियों के समर्थक अपने-अपने प्रत्याशी की जीत का दावा कर रहे हैं।