बिजली गिरने से झोपड़ी में हुआ छेद
दमोह जिले के दो थाना क्षेत्र में सोमवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे महिला, पुरुष की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। बता दें पिछले 10 दिन से बारिश न होने से लगातार उमस और गर्मी बढ़ रही थी, लेकिन सोमवार की दोपहर अचानक से मौसम बदल गया और तेज गरज के साथ पानी गिरने लगा और इसी दौरान यह हादसा हो गया।
जिले के थाना कुम्हारी क्षेत्र अंतर्गत गांव गाड़ाघाट के पास खेतों में काम कर रही महिला कविता पति दौलत आदिवासी पर आकाशीय बिजली गिरी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। स्थानीय लोगों द्वारा कुम्हारी पुलिस को जानकारी दी गई। दूसरी घटना जिले के नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शाला पटी में हुई। जब खेत में धान के रोपा लगा रहे किसान लोकेंद्र पिता परम सिंह लोधी (23) पर आकाशीय बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे परिजन तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल लाए। जहां डॉक्टर ने जांच करने के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के शव ग्रह में रखवा दिया है और मामला जांच में लिया है।