बताया जा रहा है कि तेंदूखेड़ा-जबलपुर हाईवे पर चार तेंदुए सक्रिय हैं, जिससे स्थानीय लोग दहशत में हैं। जनपद सीईओ मनीष बागरी ने भी तेंदुए को देखने की पुष्टि की और कहा कि यह वन्यजीवों की बढ़ती उपस्थिति का संकेत है, हालांकि सतर्कता जरूरी है।
दमोह जिले के तेंदूखेड़ा मुख्य मार्ग पर गुरुवार रात एक तेंदुआ जंगली सूअर के झुंड का पीछा करते हुए मुख्य मार्ग पर आ गया। जिसे देख राहगीरों ने अपने वाहन रोक लिए। कुछ समय के लिए उनकी सांसें ही थम गईं, इसके बाद तेंदुए की फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर भी वायरल की गईं। जब तेंदुए ने जंगल की ओर मूवमेंट किया तब लोगों की आवाजाही शुरू हुई।
विज्ञापन
तेंदूखेड़ा जबलपुर हाइवे पर इस समय चार तेंदुए होने की बात कही जा रही है, जो आए दिन लोगों के सामने आते हैं। इसलिए इस मार्ग पर दहशत का माहौल है। वन विभाग के अधिकारियों ने खुद तेंदुए को यहां देखा है, लेकिन दिन में वह दिखता नहीं है। आलम यह है अकेले में यहां से सफर करना जोखिम भरा हो सकता है।
जंगली सूअर के झुंड के पीछे था तेंदुआ
तेंदूखेड़ा जनपद सीईओ मनीष बागरी ने बताया गुरुवार की रात तेंदुआ जंगली सूअर के झुण्ड का पीछा करते हुए जबलपुर मार्ग पर पंडा बाबा के समीप दिखाई दिया। मेरे साथ कई लोग और थे उन्होंने भी यह नजारा देखा। स्थानीय लोगों ने बताया यहां बहुत संख्या में जंगली जानवर हैं। अभी तक इन जानवरों को देखने पार्क या अभ्यारण जाना पड़ता था, लेकिन अब यह जानवर तेंदूखेड़ा के मुख्य मार्गों पर देखने मिल रहे हैं। यह खुशी की बात है, लेकिन सावधानी भी जरूरी है।
चारों ओर है जंगल
तेंदूखेड़ा ब्लाक चारों ओर से जंगली एरिया से घिरा हुआ है। इस क्षेत्र में जानवरो की भरमार हो गई है और आये दिन जंगली जानवार मुख्य मार्गों पर रात्रि के समय दिखाई देते हैं।
मुख्य मार्ग पर बैठा था अजगर
गुरुवार की रात ही ग्राम बादीपूरा और धनगौर के बीच मुख्य मार्ग पर दस ग्रामीण वहां से गुजरे उन्होंने अजगर के फुसकारने की आवाज सुनी तो उन्हें अजगर दिखाई दिया। कुछ समय बाद अजगर को देखने और राहगीर रुक गये कुछ देर बाद वह खेतों की और चला गया। तेंदूखेड़ा रेंजर श्रेयांश जैन ने बताया लोगों से आग्रह है कि रात्रि में सुरक्षित आवागमन करें। जो व्यक्ति खेतों में सोते है वह अपने साथ छोटे बच्चों को न सुलाये आसपास आग जलाकर रखें, क्योंकि आग से तेंदुआ पास नहीं आता। जीव जंतु भी बड़ी संख्या में हैं इसलिए खेतों में चारों और हो सके तो उजाला रखे और कही कोई ज्यादा समस्या दिखती है तो तत्काल सूचना वन आमले को दें।