दमोह जिले के हिंडोरिया थाना की बांदकपुर चौकी अंतर्गत सडिया मडिया गांव में तीन दिन पूर्व प्राचीन काल भैरव की मूर्ति चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खुदाई कर प्रतिमा को दूसरी जगह गाड़ने वाले जेसीबी चालक सहित तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गड़े धन के लालच में यह प्रतिमा चोरी करने की बात ग्रामीणों द्वारा कही जा रही है।
जानकारी के अनुसार 7 अगस्त की दरमियानी रात को जेसीबी से काल भैरव मूर्ति के चबूतरे के नीचे गड़े धन के लालच में खुदाई की गई थी। आठ अगस्त की सुबह ग्रामीणों को प्रतिमा गायब मिली थी, जिसके बाद तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी। स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों द्वारा मूर्ति चोरी की घटना करने वाले असामाजिक तत्वों को शीघ्र पकड़ने की बात कही थी। मौके पर कई प्रकार की पूजन सामग्री भी पड़ी थी।
ये भी पढ़ें-
एक लाख में 50 हजार मुनाफा देकर ठगों ने बिछाया जाल, बैंक मैनेजर की पत्नी ने गंवा दिए 40 लाख रुपये
जानकारी लगते ही हिंडोरिया थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर और एसडीओपी पथरिया ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू की थी। मूर्ति की खोजबीन शुरू की गई, लेकिन मूर्ति का कहीं पता नहीं चला। तब कुछ ही दूर कुछ खुदाई के निशान दिखे। जेसीबी द्वारा यहां गड्ढे की खुदाई की गई तो आठ फीट गहरे गड्ढे के नीचे मिट्टी में प्रतिमा दबी मिली, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। उसके बाद विधिवत प्रतिमा को स्थापित कराया गया। हिंदू संगठन के सदस्यों का कहना था इस मामले में जल्द आरोपी गिरफ्तार किए जाएं। पुलिस ने जेसीबी चालक और अन्य दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। यह लोग बांदकपुर के ही बताए जा रहे हैं। पुलिस को यकीन है कि हिरासत में लिए गए संदिग्धों ने घटना को अंजाम दिया है। पूछताछ पूरी होने पर पूरी कार्रवाई का खुलासा करने की बात पुलिस द्वारा कही जा रही है। हिंडोरिया थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर ने बताया कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।