पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच की शुरू।
- फोटो : अमर उजाला
दमोह जिले के जबेरा थाना क्षेत्र के रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में सिगौरगढ़ किले की पहाड़ी के समीप जबलपुर निवासी एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। वन विभाग की टीम को गस्त के दौरान शव के लटके होने की जानकारी लगी। मौके पर पहुंची सिग्रामपुर पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर अपने कब्जे में लिया और पीएम के लिए भेजा। शव कुछ दिन पुराना है, जिसकी पहले पहचान करना भी मुश्किल था। पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी गई।
सिग्रामपुर रेंजर आश्रय उपाध्याय ने बताया सिगोरगढ़ बीट की टीम गुरुवार दोपहर गस्त के दौरान किले की पहाड़ी के पास से निकली। इस दौरान एक पेड़ से अज्ञात व्यक्ति का शव लटकते हुए दिखाई दिया। जिसकी सूचना सिग्रामपुर पुलिस को दी गई, कुछ दिन पहले एक अज्ञात गाड़ी भी यहां से मिली थी। जिसकी सूचना भी पुलिस को दी गई थी।
सिग्रामपुर चौकी प्रभारी आलोक तीरपुड़े ने बताया वन विभाग के गश्ती दल के द्वारा सिगौरगढ़ किले के समीप पहाड़ी पर एक पेड़ से अज्ञात व्यक्ति के शव लटका होने की सूचना दी गई थी। जिसकी शिनाख्त 42 वर्षीय नितेश पिता राज सिंह राजपूत निवासी आधारताल जिला जबलपुर निवासी के रूप में हुई है। मौके पर पहुंचे परिजनों के द्वारा शव की पहचान की गई। मर्ग कायम करते हुए पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जबेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजते हुए मर्ग विवेचना में लिया है। घटना का कारण अभी कुछ पता नहीं चला है।