दमोह जिला अस्पताल में एक युवक के साथ मारपीट करने का वीडियो सामने आया है। इसमें अस्पताल के सुरक्षा गार्ड के साथ अन्य लोग युवक बुरी तरह मारपीट कर रहे हैं। काफी देर तक मारपीट करने के बाद युवक को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया। युवक पर एक महिला ने 500 रुपए छीनने का आरोप लगाया गया था, लेकिन उसके पास से कोई भी पैसा बरामद नहीं हुआ। अब इस मामले में सिविल सर्जन द्वारा संबंधित गार्ड को नोटिस जारी किया गया है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को तीन गुल्ली निवासी रैकवार समाज के युवक के साथ अस्पताल के सुरक्षा गार्ड, कुछ कर्मचारियों व मरीज के परिजनों ने बुरी तरह मारपीट कर दी। इस दौरान किसी ने यह वीडियो बना लिया। युवक पर एक महिला द्वारा 500 रुपए छीनने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड व अन्य लोग इतने आक्रोशित हो गए कि युवक के साथ क्रूरता पूर्वक मारपीट की गई। जो भी वहां आता गया युवक को मारता गया। युवक ने अपने आप को काफी बचाने का प्रयास किया, लेकिन सैकड़ो की भीड़ में वह अपने आप को नहीं बचा सका। वह अस्पताल के बाहर आना चाह रहा था, लेकिन भीड़ उसे अंदर खींचते हुए वीडियो में दिखाई दे रही है।
किसी ने लात मारी तो किसी ने चांटे मारे काफी देर यह मारपीट का क्रम इसी तरह चलता रहा। इसके बाद अस्पताल पुलिस चौकी को सूचना दी गई और कोतवाली से पुलिस बुलाई गई। जिस महिला द्वारा 500 रुपए छीनने का आरोप लगाया था, उसके सामने ही युवक की तलाशी ली गई, लेकिन उसके पास पैसे नहीं मिले। महिला का कहना था कि उसके पिता से इस युवक ने पर्ची बनवाने और इलाज करने के लिए 500 रुपए छीने थे। जैसे ही युवक पैसे लेकर भाग उन्होंने चिल्लाना शुरू कर दिया। इसके बाद सुरक्षा गार्ड ने पकड़ लिया। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है।
पूरे मामले में जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. राकेश राय का कहना है कि उन्होंने भी यह वीडियो देखा है। जिसमें सुरक्षा गार्ड युवक से मारपीट करता दिखाई दे रहा है। अब उन्होंने नोटिस जारी कर गार्ड पर कार्रवाई के लिए कहा है।