दमोह जिले में बटियागढ़ थाना के सादपुर मार्ग के नीमखेड़ा गांव के पास सोमवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 की मदद से बटियागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां पर दो युवकों को मृत घोषित किया गया और दो लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को जांच में लिया। हादसा इतना भयंकर था कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और घायल भी सड़क पर पड़े थे। हादसे में गोविन्द सिंह (25) निवासी शेखपुरा थाना बटियागढ़ और रूप सिंह (23) कुमरवार बटियागढ़ की घटना स्थल पर मौत हो गई। जबकि तुलसी पिता नोने लाल (30) निवासी शेखपुरा बटियागढ़, वीरू पिता नन्हें भाई (18) शेखपुरा बटियागढ़ गम्भीर रूप से घायल होने पर प्रथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल दमोह रेफर किया गया।
मृतक रूप सिंह दहा गांव से अपनी भाभी को छोड़कर अपने गांव वापस लौट रहा था। दूसरी ओर बटियागढ़ की तरफ से एक बाइक पर मृतक गोविन्द सिंह, घायल तुलसी और बीरू सादपुर की ओर जा रहे थे। तभी नीमखेड़ा के पास आमने-सामने की टक्कर में गोविंद और रूप सिंह की मौत हो गई है। पुलिस जांच में जुटी है।
बटियागढ़ थाना उपनिरीक्षक शेष कुमार दुबे ने बताया कि बटियागढ़ की तरफ से तीन लोग बाइक पर सादपुर की तरफ जा रहे थे। तभी सादपुर की ओर से बटियागढ़ की ओर आ रहे दो बाइक सवारो की नीमखेड़ा गांव के पास आमने-सामने की टक्कर में रूप सिंह, गोविंद सिंह मौके पर मौत हुई है और तुलसी और बीरू गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।