दमोह जिले में तेंदूखेड़ा ब्लॉक के समनापुर गांव में खेल मैदान के अंदर बन रही उप स्वास्थ्य केंद्र की बिल्डिंग के निर्माण पर रोक लग गई है। उसके बाद ग्रामीण काफी खुश हैं। क्योंकि ग्रामीण लगातार इस बिल्डिंग का विरोध कर रहे थे। सीएमएचओ ने बताया कि ग्रामीणों के विरोध के कारण काम बंद कर दिया है। नई जगह की खोज कर वहां निर्माण किया जाएगा।
ग्रामीणों ने पहली बार उस समय विरोध किया था, जब बिल्डिंग निर्माण के लिए ले-आउट डाला गया था और तीन दिन पहले जब पुनः ठेकेदार के कर्मचारी बिल्डिंग का कार्य करने पहुंचे तो बड़ी संख्या में ग्रामीण मोके पर पहुंच गए और उन्होंने विरोध करना शुरू कर दिया और कार्य बंद करा दिया।
इसलिए कर रहे विरोध
समनापुर गांव के लोगों का कहना है, जिस जगह उप स्वास्थ्य केंद्र की बिल्डिंग बन रही है। वह खेल मैदान है, जो ग्राम पंचायत द्वारा तीन साल पहले बनवाया है। दूसरी बात उसी परिसर में श्मशान घाट है। इसलिए आजु-बाजू ये दोनों निर्माण नहीं होंगे। क्योंकि उप स्वास्थ्य केंद्र में प्रसूता महिलाएं आती हैं और बाजु में यदि अतिम संस्कार होगा तो यह ठीक नहीं होगा। साथ ही खेल मैदान के अंदर उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण नहीं होना चाहिए। क्योंकि गांव के बच्चों के लिए खेलने दूसरा कोई स्थान नहीं है।
मार्ग का भी है आभाव
समनापुर गांव में जिस जगह खेल मैदान और श्मशान घाट बना है, वहां तक छोटे वाहन नहीं पहुंच पाते। यदि वह उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण होगा तो जो जननी वाहन है, उसका मुख्य मार्ग से उप स्वास्थ्य केंद्र तक पंहुचना संभव नहीं है। यदि खेल मैदान के अंदर बिल्डिंग बनती है तो न वहां कोई महिला प्रसव के लिए जाएगी और वाहन पहुंचना तो सभव नहीं है। इन सभी कारणों के चलते गांव के लोग उप स्वास्थ्य केंद्र की बिल्डिंग का ऐसी जगह निर्माण चाहते हैं, जहां आवागमन आसानी से हो सके खेल मैदान बचा रहे।
सीएमएचओ डॉ. मुकेश जैन ने बताया कि ग्रामीणों के विरोध के चलते उप स्वास्थ्य केंद्र की बिल्डिंग के निर्माण को रोक दिया है। नई जगह चिन्हित कर वहां निर्माण होगा। ग्रामीण जो बात कह रहे हैं उसे गंभीरता से सुना गया।