दमोह और जबलपुर जिले की सीमा पर पाटन थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह घटिया पर एक ट्रक ब्रेक फेल होने से पलटा है, जो तीन हिस्सों में बट गया। हादसा देखकर राहगीर भी हैरान है, क्योंकि ट्रक के टुकड़े हो गए हैं। सबसे बड़ी बात यह है वाहन में सवार लोगों ने अपने आप को कैसे बचाया होगा।
तेंदूखेड़ा के आगे दमोह जिले की सीमा खत्म होने के बाद घटिया से जबलपुर जिले की सीमा लग जाती है और उसी जगह यह हादसा हुआ है। गुरुवार सुबह ज़ब राहगीर निकले तो वहां कई लोग मौजूद थे और ट्रक तीन हिस्सों में बिखरा था। लोगों ने बताया कि घटना के समय ट्रक में केवल चालक मौजूद था जो घटना के पहले कूद गया। हालाकि उसे चोट आई है उसका उपचार जबलपुर में चल रहा है।
ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
घटना मध्य रात्रि की बताई जा रही है। ट्रक दमोह से तेंदूखेड़ा होकर जबलपुर की ओर जा रहा था। घटिया चढ़ने के बाद जैसे ही जबलपुर जिले की सीमा में ट्रक घटिया उतर रहा था उसी समय उसके ब्रेक फेल हो गए। चालक ने ट्रक काबू करने ब्रेक लगाए, लेकिन ब्रेक नहीं लगे और ट्रक बेकाबू हो गया। यह देख चालक ट्रक से कूद गया और उसके बाद ट्रक पलट गया।
घटना के समय ट्रक में मूंग भरी हुई थी जो पूरी बिखर गई है। पाटन थाना प्रभारी नबल आर्या ने बताया कि घटना सुबह चार बजे के करीब की है। ट्रक में मूंग भरी थी चालक कूद गया था जो सुरक्षित है। घटना का कारण अभी अज्ञात है।