जिले के तेंदूखेड़ा ब्लाक में भी किसान को समय पर खाद नहीं मिल पा रही। जिन अधिकारियों को यह जिम्मा दिया गया, वह नदारद रहते हैं। मंगलवार को कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर तेंदूखेड़ा के डबल लाक खाद गोदाम का निरीक्षण करने पहुंचे। किसानों ने बताया साहब हमें डीएपी पर ही भरोसा है, यहां दूसरी खाद दी जा रही है। कलेक्टर कोचर ने अधिकारियों के बारे में जानकारी ली। वहां पर जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगी थी, वह अनुपस्थित थे। इसलिए कलेक्टर द्वारा नोटिस काटकर जबाब मांगा जा रहा है।
मंगलवार को जब कलेक्टर आकस्मिक निरीक्षण पर डबल लाक गोदाम पहुंचे तो वहां नोडल अधिकारी नहीं मिले। नगर के डबल लाक और निजी खाद विक्री केंद्र में कृषि ग्रामीण विस्तार अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाती है, लेकिन यह मौजूद नहीं रहते। कलेक्टर जब डबल लाक पहुंचे तो वहां बड़ी सख्या में किसान मौजूद थे। सबसे पहले कलेक्टर ने गोदाम का निरिक्षण किया, उसके बाद गोदाम में रखे स्टॉक की जानकारी ली फिर किसानों से चर्चा की।
किसानों ने कलेक्टर को बताया की साहब डीएपी खाद हमारी पहली पसंद है, वही हम खेतों में उपयोग करते आ रहे है, लेकिन अब हमें डीएपी नहीं मिल रही है। कलेक्टर ने किसानों से कहा कि डीएपी की जगह जो खाद दी जा रही है, वह डीएपी से भी अच्छी है। किसान उसका उपयोग करे। जांच परीक्षण के दौरान पता चला है डीएपी खाद से खेतों की उर्वतकता कम हो रही है। इसलिए शासन ने नई खाद शुरू की है। क्योंकि भारत कृषि प्रधान देश है और फसल पर सभी निर्भर है, यदि उर्वकता भविष्य में कम हो गई तो बड़ी समस्या बन जायेगी।
चार काउंटर चालू करने दिये निर्देश
डबल लाक तेंदूखेड़ा में चार पर्ची काउंटर चालू करने के आदेश है, लेकिन कलेक्टर जब पहुंचे उनको दो ही काउंटर चालू मिले। कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर करते हुए तीसरा काउंटर तत्काल चालू करवाया और चौथा काउंटर चालू करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा यदि चार काउंटर चालू रहेंगे तो किसानों को देर तक लाइन मे नहीं लगना पड़ेगा और आसानी से खाद मिल जाएगी।