धूप से बचाने फल को ढकता दुकानदार
- फोटो : अमर उजाला
दमोह जिले में सोमवार को अधिकतम तापमान 47 डिग्री दर्ज किया गया। यह तापमान साल 2017 में 47 डिग्री दर्ज हुआ था और उसके सात साल के बाद फिर तापमान सोमवार को उसी क्रम में पहुंचा है। सुबह से ही धूप निकलने के साथ आसमान से आफत बरस रही थी और ऐसा लग रहा था कि आज मौसम अपने सारे रिकॉर्ड तोड़ देगा।
बता दें कि पूरे दिन गर्म हवाओं का दौर जारी रहा और स्थिति यह रही कि शहर की सड़कें सुनसान दिखाई दे रही थी और शहर के भीड़भाड़ वाले चौराहों पर भी इक्का, दुक्का लोगों की मौजूदगी थी। शाम को जैसे मौसम विभाग ने तापमान जारी किया और 47 डिग्री तापमान बताया गया, तब लोगों के मानो होश उड़ गए। क्योंकि वह पूरे दिन इसी बात का एहसास कर रहे थे कि आज तापमान में वाकई काफी अधिक बढ़ोतरी होगी।
बता दें, शनिवार से नौतपा की शुरुआत हुई है और शुरुआत के दिन से ही लगातार तापमान में बढ़ोतरी होती जा रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार को 44 डिग्री और सोमवार को सात साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए अधिकतम तापमान 47 डिग्री तक पहुंच गया।
पूरे दिन गर्म हवाओं के चलने के कारण गर्मी बनी रही और कूलर भी ठंडी हवा नहीं दे पा रहा था। लोग अपने पूरे शरीर को कपड़ों से ढककर चलते हुए दिखाई दे रहे थे। शाम के 6:30 तक गर्म हवाएं चलती रही और लोगों को जरा भी ठंडक का एहसास नहीं हुआ। मौसम वैज्ञानिक राजेश खबसे के अनुसार, अभी आने वाले समय में इसी तरह तापमान बना रहेगा। बीच-बीच में बदल जरूर जाएंगे, लेकिन मौसम में गर्माहट जारी रहेगी।
27 मई के दिन पिछले आठ साल का तापमान
-
27 मई 2016 42.05 डिग्री
-
27 मई 2017 47.00
-
27 मई 2018 46.05
-
27 मई 2019 45.00
-
27 मई 2020 44.08
-
27 मई 2021 40.02
-
27 मई 2022 44.04
-
27 मई 2023 38.06
-
27 मई 2024 47.00