दमोह जिले के कुमारी थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार की दोपहर एक अज्ञात महिला की अधजली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। कुमारी थाना प्रभारी रोहित द्विवेदी और हटा एसडीओपी प्रशांत सुमन मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। महिला का चेहरा और बीच का धड़ पूरी तरह से जल चुका है, केवल उसके दोनों पैर और एक हाथ सलामत बचा हुआ है। घटना की जानकारी दमोह एसपी को दी गई। इसके बाद सागर एफएसएल से टीम को बुलाया गया है तभी आगे की जांच शुरू की जाएगी।
जानकारी के अनुसार कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत हटा, पटेरा मार्ग पटपरा नाला के पास एक महिला की अधजली लाश होने की सूचना स्थानीय लोगों के द्वारा कुम्हारी थाना प्रभारी रोहित दुवेदी की दी गई।
थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। महिला का सिर और बीच का धड़ पूरा जल चुका है, केवल दो पैर और एक हाथ सलामत बचा है। शव के पास एक खाली केन मिली है और सिर के समीप एक बड़ा पत्थर भी मिला है।
इससे अंदेशा यह लगाया जा रहा की महिला की पत्थर पटककर पहले हत्या की गई होगी और पहचान छिपाने के लिए डीजल या केरोसिन डालकर आग लगाई गई, ताकि कोई शिनाखत न हो पाए। हटा एसडीओपी प्रशांत सिंह सुमन भी मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। अब सागर से एफएसएल की टीम दमोह पहुंच रही है, उसके बाद आगे कुछ जांच आगे बढ़ेगी। इस घटना में सबसे बड़ी बात यह है कि शव सड़क किनारे मिला है। हो सकता है कि आरोपियों ने रात में महिला की हत्या कर शव को जला दिया, ताकि रात में कोई यहां न पहुंच सके। बहरहाल पुलिस की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।