जिले के बटियागढ़ में सोमवार शाम जूडी नदी में नवजात शिशु का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शाम करीब 6 बजे स्थानीय लोगों ने नदी के पानी में नवजात का शव देखा। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को जानकारी दी गई। बटियागढ़ थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सोमवार शाम करीब 6 बजे नदी किनारे मौजूद लोगों की नजर पानी में पड़े नवजात के शव पर गई। शव दिखाई देने के बाद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद बटियागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने नदी किनारे और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया। आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद नवजात के शव को कब्जे में लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। बटियागढ़ थाना प्रभारी रजनी शुक्ला ने बताया कि जूड़ी नदी में नवजात शिशु का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें: सतना: नागौद के पूर्व विधायक रामप्रताप सिंह का निधन, नर्मदा जल के लिए आजीवन लड़ी लड़ाई,दिल्ली में ली अंतिम सांस
पुलिस अब नवजात की पहचान करने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि शव नदी तक कैसे पहुंचा। घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस आसपास के इलाके में भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस ने घटना को लेकर किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।
सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही पुलिस
जांच के दौरान पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले नदी और उसके आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे। सीसीटीवी फुटेज और मौके से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। नवजात की मौत की वजह और शव नदी तक पहुंचने की परिस्थितियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।