दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र के प्रेमपुरा के पास बुधवार रात एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार मां-बेटी को टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद अज्ञात वाहन फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल भेजा। इलाज के दौरान बेटी की मौत हो गई, जबकि मां की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना हटा-दमोह मार्ग पर हुई। हटा के गौरीशंकर वार्ड निवासी 18 वर्षीय हर्षिता पिता नारायण पाठक, अपनी मां रीना, उम्र 35 साल, के साथ दमोह से अपने घर लौट रही थी। रात करीब नौ बजे प्रेमपुरा के पास स्कूटी सवार मां-बेटी को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। टक्कर मारने वाला वाहन चालक भाग निकला। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी परिवार को दी। 108 एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को सिविल अस्पताल हटा पहुंचाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। बेटी ने गुरुवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि मां का इलाज जारी है। पुलिस ने गुरुवार सुबह शव का पोस्टमॉर्टम कराकर मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। अस्पताल चौकी से प्रधान आरक्षक शुभ नारायण यादव ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम किया और शव परिजनों के सुपुर्द किया। अभी मां को उसकी बेटी की मौत की जानकारी नहीं दी गई है क्योंकि उसकी हालत गंभीर है।