दमोह रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत यात्री सुविधाओं में विस्तार हो रहा है। हाल ही में स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर 200 मीटर का नया शेड बनकर तैयार हो गया है, जिसे प्लेटफॉर्म नंबर एक के पुरानी प्रतीक्षालय के सामने से जीआरपी चौकी के आगे वाले हिस्से तक कवर्ड किया किया गया है। इससे अब शेड की लंबाई 400 से बढ़कर 600 मीटर तक पहुंच गई है। नए शेड के नीचे इंजन के पीछे वाली तीन बोगियां अब शेड के नीचे ही खड़ी हो सकेंगी, जिससे अब यात्रियों को तेज धूप व बारिश के दौरान खुले में खड़े नहीं रहना पड़ेगा।
अधिकारियों के अनुसार, अभी पहले चरण में प्लेटफॉर्म नंबर एक के शेड को बढ़ाया गया है। अब दूसरे चरण में प्लेटफॉर्म नंबर दो के आगे वाले हिस्से में भी शेड की लंबाई बढ़ाई जाएगी, जिससे काफी हद तक यात्रियों को राहत मिलेगी। गौरतलब है कि दमोह रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत तीन चरणों में काम किया जाना है। पहले चरण का काम अंतिम दौर में चल रहा है, जिसमें प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने के साथ नया यात्री प्रतीक्षालय, नया कंट्रोल रूम, नया आरक्षण केंद्र भवन बनकर तैयार हो गया है। इसके अलावा चार पहिया एवं दो पहिया वाहनों के लिए नया पार्किंग स्थल बन गया है। नई लैंप लाइटिंग लगाई जा चुकी है। वहीं, स्टेशन के बाहरी हिस्से को भी नया लुक दिया जा रहा है।
12 मीटर नया फुटब्रिज बनेगा
दमोह रेलवे स्टेशन पर दूसरे चरण में अनेक काम किए जाएंगे, जिसमें 12 मीटर चौड़ा फुट ब्रिज बनाया जाएगा। जो वर्तमान फुट ब्रिज से तीन गुना ज्यादा चौड़ा होगा। इसे रेल अभियंता कार्यालय के बाजू से प्लेटफॉर्म नंबर दो के पुराने शेड तक बनाया जाएगा। इसके बनने से यात्रियों को प्लेटफार्म नंबर एक तक आने की जद्दोजहद नहीं करना पड़ेगी। यात्री सीधे प्लेटफॉर्म नंबर से आगे वाले हिस्से में उतरकर सीधे मालगोदाम के बाजू से स्टेशन के बाहर हो जाएंगे। स्टेशन प्रबंधक मुकेश कुमार जैन का कहना है कि दूसरे चरण में 12 मीटर चौड़ा ब्रिज बनेगा। इसका काम अगले माह से चालू हो सकता है।