दमोह जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र के बनवार बड़े घाट में बुधवार की दोपहर दोस्तों के साथ नहाने गया युवक ब्यारमा नदी की तेज धार में बह गया। सूचना लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची। युवक की खोज की। जानकारी न लगने पर एसडीआरएफ टीम को सूचित किया गया। लेकिन खोज नहीं हो पाई।
लापता युवक हिंडोरिया थाना के टिकरी पिपरिया निवासी भूपत पिता बब्बू सिंह लोधी (38) है। जो अपने दो दोस्तों के साथ नदी में नहाने आया था। बनवार बड़े घाट स्टॉपडैम के सामने तीनों दोस्त नहा रहे थे, उसी दौरान युवक नदी के तेज बहाव जलधारा में पहुंच गया और देखते ही देखते डूब गया। दोस्तों ने नदी में खोज की और जब दिखाई नहीं दिया तो इसकी सूचना बनवार पुलिस चौकी को दी गई। इसके बाद चौकी प्रभारी मनीष यादव एवं बांदकपुर पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र मिश्रा मौके पर पहुंचे और लापता युवक को नदी में देखा, लेकिन नदी के तेज बहाव में युवक दूर-दूर तक दिखाई नहीं दिया। इसकी सूचना एसडीआरएफ टीम को दी गई। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने नदी में कांटा डालकर युवक की खोजबीन की, लेकिन सुराग नहीं लगा। खबर लगते ही मौके पर परिजन पहुंच गए। बता दें व्यारमा नदी बनवार बड़े घाट से बड़े क्षेत्रफल में तेज बहाव के साथ प्रवाहित होती है। इसके चलते नदी में लापता हुए युवक को खोजना एसडीआरएफ टीम को मुश्किल हो रहा है।