दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पटी मोहरा में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। गुरुवार को जिले के बांदकपुर और हटा क्षेत्र में जोरदार बारिश हुई है, जिससे मौसम काफी ठंडा हो गया है। वहीं, दमोह में शाम के समय हल्की बारिश हुई है। लेकिन रात तक तेज बारिश होने की उम्मीद भी है। क्योंकि आसमान में बादल छाए हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, तेजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पटी गांव में गुरुवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से पटी निवासी रोशन पिता हल्ले आदिवासी (29) की मौत हो गई। मृतक पटी गांव से मोहरा गांव की तरफ जा रहा था। रास्ते में खेत से जाते समय अचानक आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही तेजगढ़ थाना प्रभारी स्टॉफ के साथ घटना स्थल पहुंचे और शव को अस्पताल भिजवाया।
इसके साथ ही हटा क्षेत्र के मड़ियादो में बारिश होने से जंगली नालों से पानी की धार निकलने लगी, जिससे जंगली जानवरों को भी काफी राहत मिल गई है। वहीं, शाम को बांदकपुर में भी तेज बारिश हुई है और दमोह में हल्की बारिश हुई है।