छह साल की मासूम की करंट लगने से मौत
- फोटो : अमर उजाला
जिले के नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत नंदलाल पट्टी गांव में दीपावली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब करंट लगने से छह वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। घर में दीपावली की तैयारियां चल रही थीं और पुताई का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते बच्ची साउंड बॉक्स के संपर्क में आ गई। उसके कटे हुए तार को पकड़ते ही उसे बिजली का करंट लग गया और वह जमीन पर गिर पड़ी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नंदलाल पट्टी निवासी डेलन अहिरवार की छह वर्षीय बेटी मोहनी अहिरवार शनिवार शाम घर में खेल रही थी। उस समय घर में दीपावली को लेकर पुताई का काम चल रहा था और साउंड बॉक्स भी बज रहा था। बताया जा रहा है कि साउंड बॉक्स की डोरी कहीं से कटी हुई थी। खेलते हुए मोहनी वहां पहुंची और अनजाने में कटे तार को पकड़ लिया। करंट लगने से बच्ची बेसुध होकर गिर पड़ी।
ये भी पढ़ें: बैतूल: आज 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 30 करोड़ का बोनस देंगे सीएम यादव, आदिवासी परिवारों को सौगात
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में बच्ची को लेकर दमोह जिला अस्पताल पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के अनुसार बच्ची को अस्पताल लाए जाने के दौरान ही उसकी मौत हो चुकी थी।
मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में दीपावली की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया। बच्ची के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। रविवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना की सूचना नोहटा थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।