मध्य प्रदेश के विदिशा में किसानों ने भारी बारिश के कारण फसल के नुकसान की भरपाई के लिए विरोध प्रदर्शन किया। रविवार को हुए इस प्रदर्शन में उन्होंने अपने साथ दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की तस्वीर को भी रखा। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिस तरह लोग फिल्मस्टार के लिए न्याय चाहते हैं, वैसे ही उन्हें किसानों का भी समर्थन करना चाहिए।
जिला मुख्यालय से लगभग आठ किलोमीटर दूर विदिशा के जाफरखेड़ी गांव में किसानों ने अपने खेतों में यह विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान एक किसान और कांग्रेसी नेता देवेंद्र सिंह राठौड़ ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि भारी बारिश के कारण क्षेत्र में फसलें नष्ट हो गई हैं। उन्होंने कहा, 'किसानों ने साइट पर सुशांत सिंह राजपूत के चित्रों के साथ विरोध प्रदर्शन किया और दिवंगत अभिनेता को भी श्रद्धांजलि दी।
विरोध के दौरान किसानों ने मीडिया और लोगों से उनके साथ उसी तरह खड़े होने का आग्रह किया, जैसे पूरे देश में राजपूत को न्याय दिलाने के लिए खड़े हुए हैं। एक अन्य किसान सुंदर सिंह ने कहा कि उनके परिवार के लोग फसल बर्बाद होने के कारण उसी तरह दुखी हैं, जैसे सुशांत के परिवार वाले उनकी मृत्यु के कारण दुखी हैं।
इस बीच, सब डिविजनल मजिस्ट्रेट जी एस वर्मा ने कहा कि फसल के नुकसान का आकलन फसल कटाई के बाद किया जाएगा। वर्तमान में इसका सर्वेक्षण किया जा रहा है।