राज्य सायबर सेल ने बुधवार को एक ऐसे बदमाश युवक को गिरफ्तार किया है जो अश्लील वीडियो कॉलिंग कर इंदौर की मूक-बधिर युवतियों को ही परेशान कर रहा था। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी युवक खुद भी मूक-बधिर है। 27 वर्षीय आरोपी अमोल महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के ग्राम उककड का निवासी है। आरोपी शख्स अहमदनगर की एक होटल में हेल्पर के तौर पर काम करता है।
इस मामले में शहर के सायबर सेल एसपी जितेन्द्र सिंह ने बताया कि दो मूक-बधिर युवतियों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मोबाइल पर अज्ञात युवक अश्लील वीडियो कॉलिंग, अश्लील मैसेज कर परेशान कर रहा है।
युवतियों की शिकायत के बाद साइबर सेल ने मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया तो मालूम चला कि ये अश्लील वीडियो कॉल्स अहमदनगर से आ रहे हैं। इस जानकारी के बाद पुलिस अहमदनगर पहुंची और आरोपी को गिरफ्त में लिया।
ये भी पढ़ें- मध्यप्रदेश: मां के शव को बाइक पर बांधकर बेटा पहुंचा पोस्टमॉर्टम हाउस
बता दें कि पुलिस पूछताछ में आरोपी अमोल ने कबूल किया है कि उसने ही दोनों युवतियों को अश्लील वीडियो कॉल्स किए हैं। अमोल ने यह भी बताया कि उसे इन युवतियों के मोबाइल नंबर ऑनलाइन कम्यूनिटी से मिले थे।