कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए करीला में रंगपंचमी पर लगने वाला मेला रद्द कर दिया गया है। बाहर से आने वाले लोगों को रोकने के लिए प्रशासन ने जिले की बॉर्डर को सील कर दिया है। वहीं श्रद्धालुओं के लिए घर बैठे करीला मंदिर के दर्शन करने की व्यवस्था की है। इसके लिए प्रशासन ने एक लिंक जारी किया है। श्रद्धालु https://ashoknagar.nic.in/ पर क्लिक करके दर्शन कर सकते हैं।
मंत्री गोविंद राजपूत कोरोना संक्रमित
उधर, सागर से खबर है कि राज्य के परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने खुद ट्विटर पर इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मैंने जांच कराई थी। रिपोर्ट गुरुवार को मिली, जो कि पॉजिटिव है।
जबलपुर जिले में बुधवार काे कोरोना के 170 नए मरीज मिले हैं और दो मरीजाें की मौत हुई। 119 मरीज ठीक हाेकर घर लाैटे। वहीं अभी 1283 मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिले में अब तक 267 लाेगाें की माैत हाे चुकी है।
ग्वालियर: 120 नए मरीज मिले
ग्वालियर में बुधवार को कोरोना के 120 नए मरीज मिले। यह इस साल का कोरोना संक्रमितों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 17 नवंबर, 2020 को 141 मरीज मिले थे। सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल में लगातार मरीज भर्ती हो रहे हैं।
इंदौर में बुधवार को शहर में 638 नए कोरोना मरीज मिले हैं और दो लोगों की मौत हो गई। हालांकि, मुख्यमंत्री के साथ कलेक्टर्स की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में साफ हो गया है कि शहर में अभी लॉकडाउन लगाने जैसी स्थिति नहीं है। मुख्यमंत्री को कलेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि रंगपंचमी पर गेर, जुलूस, सार्वजनिक रूप से रंग खेलना, समूह में घूमना, अनावश्यक आवाजाही पर भी प्रतिबंध रहेगा। वहीं इंदौर में प्रोटोकाॅल तोड़ने पर राजबाड़ा और सरवटे की कई दुकानें व होटलों को सील कर दिया गया है।