कोरोना वायरस के संदेह में घर में पृथक रह रहे 25 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। युवक सोनीपत (हरियाणा) का रहने वाला है तथा यहां मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (एमईएस) में काम करता था।
नगर पुलिस अधीक्षक रवि भदौरिया ने शनिवार को बताया, 'मूल रूप से सोनीपत निवासी दिलीप (25) यहां दीन दयाल नगर में रहता था। कोरोना वायरस के संक्रमण के संदेह में वह अपने घर में पृथक रह रहा था। वह महाराजपुरा एयरफोर्स स्टेशन पर मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस में फिटर मेकेनिक के तौर पर पदस्थ था।'
भदौरिया ने बताया कि युवक को संदेह था कि वह कोरोना से संक्रमित हो गया है। वह पहले सेना के अस्पताल में उपचार के लिए गया और बाद में उसने प्रशासन से संपर्क किया। उसने कोविड-19 से संक्रमित होने का संदेह व्यक्त किया इसलिए वह घर में पृथक होकर रह रहा था।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि दिलीप के घर का दरवाजा अंदर से बंद है। पुलिस ने जब दिलीप के घर का दरवाजा तोड़ा तो उसका शव छत से लटका हुआ था। भदौरिया ने बताया कि पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मृतक के परिजन को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, मध्यप्रदेश में इस वायरस से अब तक 145 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2719 हो गई है। 524 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
मध्यप्रदेश के 28 जिलों से संबंधित 347 प्रवासी मजदूर आज महाराष्ट्र के नासिक से मिसरोद रेलवे स्टेशन (भोपाल के पास) पहुंचे। भोपाल के एसडीएम ने कहा कि सभी यात्रियों को स्वास्थ्य जांच के बाद फिट घोषित किया गया है। वे अब अपने संबंधित जिलों में जा रहे हैं, जहां वे फिर से उनकी स्वास्थ्य जांच होगी।