फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CoronaVirus in Madhya Pradesh: इंदौर में कोरोना मरीजों की संख्या 173 तक पहुंची, भोपाल भी बना हॉटस्पॉट

Tue, 07 Apr 2020 11:07 PM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर/भोपाल
विज्ञापन
मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

भोपाल में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 12 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही मध्यप्रदेश में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 268 पर पहुंच गई। भोपाल में मंगलवार को पाए गए संक्रमण के 12 मामलों में सात पुलिसकर्मी व उनके परिवार के सदस्य और स्वास्थ्य विभाग के पांच कर्मचारी शामिल हैं। वहीं, इंदौर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 173 हो गई है। अबतक का अपडेट- 

विज्ञापन


पल्लवी जैन गोविल को हटाया
पल्लवी जैन गोविल को प्रमुख सचिव स्वास्थ्य पद से हटाया गया। सुलेमान को अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य और सुदाम खाडे को स्वास्थ्य निदेशक नियुक्त किया गया। 

इंदौर में 173 मरीज  
इंदौर में कोरोना वायरस मरीजों की संख्या 173 तक पहुंची। आज ताजा आंकड़ों के अनुसार 22 नए पॉजिटिव केस इंदौर में और एक उज्जैन में पाया गया है। अब तक इंदौर में कोरोना से 15 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 139 स्थिर हैं व आठ गंभीर स्थिति में हैं जिनका इलाज जारी है। इसके साथ ही उज्जैन में अब तक छह, खरगोन में चार और बड़वानी में तीन कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए ।
विज्ञापन


इंदौर संभागायुक्त ने किया अस्पतालों का दौरा 
इंदौर संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी ने कहा है कि निजी चिकित्सालयों में आने वाले मरीजों को चिकित्सा सेवा मुहैया कराना कानूनन अनिवार्य हैं। अगर अस्पताल संचालनकर्ता इस संबंध में कोई आनाकानी करते हैं तो उन पर कार्रवाई होगी। प्रशासन द्वारा इंदौर के विभिन्न अस्पतालों का बीमारियों के अनुसार श्रेणीकरण कर दिया गया है। त्रिपाठी ने आज क्योरवेल अस्पताल और ग्रेटर कैलाश अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और मरीजों से चर्चा कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। संभागायुक्त की सख्ती के बाद निगम ने अस्पताल संचालकों पर सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। नगर निगम इंदौर कमिश्नर आशीष सिंह के निर्देश पर आज निगम का दल ग्रेटर कैलाश अस्पताल की नपती करने पहुंचा जहां भारी मात्रा में अनियमितता पाई गई। संभाग आयुक्त के निर्देश के बाद नगर निगम बड़ी कार्रवाई कर सकता है। 

संभागायुक्त त्रिपाठी और आई जी विवेक शर्मा ने आज टाटपट्टी बाखल और रानीपुरा का फिर भ्रमण कर व्यवस्थाएं देखीं। क्षेत्र में तैनात अधिकारी व कर्मचारियों से भी मिले। संभागायुक्त त्रिपाठी ने एएनएम कार्यकर्ताओं से मुलाकात की जहां कार्यकर्ता ने उन्हें पीपीपी किट की कमी से अवगत कराया। त्रिपाठी ने तत्काल स्वास्थ विभाग को निर्देश दिए कि फील्ड में कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं को तत्काल पीपी किट उपलब्ध कराए जाएं।

लोगों का जीवन ज्यादा महत्वपूर्ण: शिवराज चौहान
मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लोगों का जीवन ज्यादा महत्वपूर्ण है, अर्थव्यवस्था दोबारा खड़ी की जा सकती है, लेकिन अगर लोगों की मौत हुई तो उन्हें कैसे वापस लाएंगे? इसीलिए अगर जरूरी हुआ तो हम लॉकडाउन बढ़ाएंगे, हालात को देखकर फैसला लिया जाएगा। 
  
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोरोना वायरस महामारी को फैलने से रोकने में मदद कर रहे पुलिसकर्मियों सहित प्रदेश सरकार के अन्य विभागों के कर्मचारियों को 50-50 लाख रुपये की बीमा सुरक्षा देने की मंगलवार को घोषणा की।

विज्ञापन

इंदौर में अस्पताल का निरीक्षण करते संभागायुक्त - फोटो : अमर उजाला
भोपाल भी बना हॉटस्पॉट
अब इंदौर के बाद भोपाल भी कोरोना का हॉटस्पॉट बन गया है। भोपाल में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 12 नए मामले सामने आए हैं। चिंता की बात ये है कि स्वास्थ्य विभाग अमले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 40 तक पहुंच गई है।

भोपाल में कोरोना वायरस के खिलाफ मैदान में तैनात दस पुलिसकर्मी भी इस घातक वायरस की चपेट में आ गए हैं। भोपाल में कोरोना वायरस मरीजों की संख्या मंगलवार को बढ़कर 74 पर पहुंच गई। भोपाल पुलिस के उप महानिरीक्षक इरशाद वली ने बताया कि भोपाल में दस पुलिसकर्मी भी कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। इनमें एक सीएसपी, एक उप निरीक्षक और शेष आरक्षक हैं। ताजा अपटेड के अनुसार प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढ़कर 268 पर पहुंच गई है। इनमें से 18 लोगों की मौत हो चुकी है।

भीड़ हटाने गई पुलिस पर 20 लोगों ने किया हमला, दो पुलिसकर्मी घायल
कोरोना वायरस संक्रमण के एक मरीज के संपर्क में आए लोगों का पता लगा रहे स्वास्थ्य कर्मियों के दल पर इंदौर में हुई पथराव की बहुचर्चित घटना के बाद मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में लॉकडाउन (बंद) के दौरान भीड़ को हटाने गई पुलिस पर कथित रूप से हिस्ट्रीशीटरों सहित करीब 20 लोगों ने चाकुओं एवं डंडों से हमला कर दिया, जिससे दो पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। इन दोनों पुलिसकर्मियों पर चाकू से वार किया गया है।

मुख्यमंत्री बोले- रासुका के तहत हो कार्रवाई
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दिन-रात एक कर जनता को इस महामारी से बचाने में लगे पुलिसकर्मियों पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इन गुंडों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की जाएगी।

तलैया पुलिस थाना प्रभारी डीपी सिंह ने बताया कि भोपाल में लागू संपूर्ण बंद के कारण सोमवार रात करीब 10 बजे चार-पांच पुलिसकर्मी तलैया थाना के इस्लामनगर में भीड़ को हटाने पहुंचे थे। जैसे ही पुलिस ने भीड़ को हटने को कहा, तभी वहां मौजूद दो हिस्ट्रीशीटरों शाहिद कबूतर और मोहसिन कचौड़ी सहित करीब 20 लोगों ने चाकुओं, डंडों व पत्थरों से पुलिस दल पर हमला कर दिया। इस घटना में दो पुलिसकर्मी लक्ष्मण यादव और सतीश कुमार घायल हो गए।

पुलिसकर्मियों पर चाकू से किया हमला
उन्होंने कहा कि इन दोनों पुलिसकर्मियों पर चाकू से वार किया गया है। लक्ष्मण यादव को गर्दन के पास चाकू लगा है, जबकि सतीश कुमार को हाथ में चाकू मारा गया है। सिंह ने बताया कि दोनों घायलों को चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपी शाहिद कबूतर करीब 35 साल का है, जबकि मोहसिन कचौड़ी करीब 25-26 साल का है।

उन्होंने कहा कि इस मामले में हमने छह-सात नामजद और 10-12 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की तीन पार्टियां रवाना कर दी गई है। हालांकि अभी तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें