पत्नी साधना सिंह को मास्क पहनाते शिवराज
- फोटो : ANI
देश के जिन राज्यों में कोरोना बेकाबू हो रहा है, उनमें मध्यप्रदेश भी शामिल है। इंदौर में तो संक्रमण का अनूठा मामला सामने आया है। शहर में 20 ऐसे लोगों के संक्रमित होने का पता चला है, जिन्हें कोरोना वैक्सीन की दोनों खुराक लग चुकी थी। उधर, भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जनता को मास्क पहनने के लिए प्रेरित करने खुद वाहन में सवार होकर सड़क पर निकले। इससे पहले उन्होंने अपनी पत्नी साधना सिंह व बच्चों को मास्क पहनाकर अभियान की शुरुआत की। वे रोजाना शाम को इस अभियान पर निकलेंगे।
इंदौर में टीके की दोनों खुराक ले चुके जिन 20 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है, उनके सैेंपल आगे जांच के लिए दिल्ली भेजे जाएंगे, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनमें कोरोना का कौनसा वैरिएंट है।
शिवराज ने की हाथ जोड़कर अपील
सोमवार शाम भोपाल में शिवराज सिंह चौहान खुली गाड़ी में सवार होकर सड़कों पर निकले और लोगों से मास्क लगाने और सुरक्षित शारीरिक दूरी का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा-अस्पतालों में मरीज बढ़ते जा रहे हैं। हालात बिगड़ रहे हैं। इससे पहले की और हालात बिगड़े, सभी लोग मास्क लगाएं। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।
मैं लॉकडाउन नहीं लगाना चाहता...
शिवराज सिंह ने कहा, 'मैं हाथ जोड़ कर कह रहा हूं-मैं लॉकडाउन नहीं लगाना चाहता हूं। लॉकडाउन से धंधे और बिजनेस ठप हो जाते हैं। लोगों के पास रोजी रोटी कमाने का साधन नहीं बचता है। इसलिए सभी लोग मास्क का उपयोग करें।' मुख्यमंत्री ने दुकानदारों से अपील कर कहा-बिना मास्क आने वालों को सामान न दें। लोग अपने घरों में उन्हें ही आने दें, जो मास्क पहने हुए हों। आज घर से निकलने के पहले मैंने अपनी पत्नी और बच्चों को मास्क लगाया।
रोज मिल रहे 3000 से ज्यादा केस
मध्य प्रदेश में भी कोरोना के हालात चिंताजनक हैं। रोजाना 3000 नए मरीज मिल रहे हैं। संक्रमण दर के मामले में मप्र देश में सातवें स्थान पर है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के अपर प्रमुख सचिव मोहम्मद सुलेमान और गृह विभाग के अपर प्रमुख सचिव डॉ. राजेश राजोरा बताया कि 14 मार्च के बाद से कोरोना के नए मरीज तेजी से बढ़े हैं।
अक्टूबर में मिले 2607 केस
इससे पहले अक्टूबर 2020 में सबसे ज्यादा एक दिन में 2607 केस आए थे लेकिन अब तीन हजार से अधिक नए मरीज एक दिन में मिल रहे हैं। अस्पतालों में 27 प्रतिशत मरीज ऑक्सीजन के सहारे हैं। महाराष्ट्र से 15 अप्रैल तक बस परिवहन पूरी तरह बंद हैं। अब तक राज्य में 42 लाख 43 हजार लोगों को वैक्सीन लग चुकी है।