मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
- फोटो : ani
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अमेरिकी दौरे से वापस आते ही विपक्षी कांग्रेस हमलावर हो गई है। सदन में विपक्ष के नेता अजय सिंह ने कहा कि उन्होंने किसानों की समस्याओं को देखते हुए मुख्यमंत्री से मांग की थी कि वे अपने अमेरिकी दौरे को रद्द कर दें मगर उन्होंने ऐसा नहीं किया।
अब रविवार को कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के विदेश दौरों पर ‘श्वेत पत्र’ जारी करने की मांग की है। अजय सिंह ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान 2005 के आखिर में मुख्यमंत्री बने थे और तब से अब तक उन्होंने 15 विदेशी दौरे किए हैं। इस दौरान उनके साथ सरकारी अधिकारियों और निजी व्यक्तियों का एक दल भी गया। सिंह ने कहा कि हमने चौहान के विदेशी दौरों के ब्यौरे की मांग की है।
पढ़ें- शिवराज सिंह चौहान बोले- आतंकवाद के मुद्दे पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा
उन्होंने कहा कि श्वेतपत्र में खर्च, ऐसी यात्राओं के दौरान जिन कंपनियों से मुलाकात की गई और राज्य में प्रस्तावित निवेश के समझौते की जानकारी मांगी गई है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही राज्य सरकार को सार्वजनिक तौर पर इसका खुलासा करना चाहिए कि इन विदेशी दौरों से किस तरह से राज्य के लोगों को लाभ हो रहा है। ऐसे विदेशी दौरों पर करदाताओं का बहुत सारा पैसा खर्च किया जा रहा है।