मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को लॉकडाउन के दौरान स्कूलों के फीस लेने और 10वीं-12वीं की परीक्षाओं को लेकर स्थिति साफ कर दी है। सीएम ने अपने बयान में कहा है कि सभी निजी स्कूल लॉकडाउन के दौरान सिर्फ ट्यूशन फीस ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान स्कूलों की तरफ से किसी भी तरह का कोई भी अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 19 मार्च 2020 यानी कि लॉकडाउन शुरू होने की तारीख से लेकर लॉकडाउन खत्म होने तक की अवधि के बीच कोई भी निजी स्कूल बच्चों से केवल ट्यूशन फीस ले सकेगा, इसके अलावा अतिरिक्त कोई भी अन्य शुल्क नहीं लिया जाएगा।
10वीं के बचे पेपर नहीं होंगे
सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं की जिन विषयों की परीक्षा रह गई थी, अब वह पेपर नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि 10वीं की जिन विषयों की परीक्षा हो गई है, उनके अंकों के आधार पर परीक्षा परिणाम (रिजल्ट) तैयार होगा। वहीं, जो पेपर नहीं हुए हैं उनके आगे अब पास लिखा जाएगा।
12वीं की परीक्षाएं होंगी
सीएम शिवराज ने यह भी कहा कि 12वीं की परीक्षा के जो भी पेपर बाकी रह गए हैं, उनकी परीक्षाएं होंगी। उन्होंने बताया कि 12वीं के बचे हुए पेपर की परीक्षाएं 8 जून से 16 जून के बीच होंगी।