छिंदवाड़ा जिले के चौरई में शनिवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जामसांवली से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे हर्ष यादव (22), प्रहलाद उईके (25) और सत्यम वर्मा बाइक से फुटेरा मोहगांव खुर्द की ओर जा रहे थे। जब वे चौरई स्थित सिद्धिविनायक लॉन के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि हर्ष यादव और प्रहलाद उईके ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं सत्यम वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। घायल को चौरई अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल छिंदवाड़ा रेफर कर दिया गया।
ये भी पढ़ें-
छिंदवाड़ा में आकाशीय बिजली का कहर: एक ही परिवार के सात सदस्य झुलसे, उपचार के दौरान युवती की मौत
गांव में पसरा मातम
हादसे की खबर मिलते ही फुटेरा मोहगांव खुर्द गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक साथ दो युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। देर रात बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच
घटना की सूचना मिलने पर चौरई पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण अज्ञात वाहन की तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी वाहन चालक तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है।