शहर के व्यस्त मेन रोड इलाके में स्थित गहना ज्वेलर्स में बुधवार शाम चोरी की एक सुनियोजित वारदात सामने आई। ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे तीन लोगों ने बड़ी सफाई से काउंटर में रखी नगदी पार कर दी। घटना में एक महिला ने दुकानदार को बातचीत में उलझाकर अहम भूमिका निभाई, जबकि उसके दो साथियों ने मौका देखकर चोरी को अंजाम दिया। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम दुकान पर सामान्य रूप से ग्राहकों की आवाजाही चल रही थी। इसी दौरान एक महिला दो युवकों के साथ दुकान में पहुंची। महिला ने दुकानदार से गहने और अन्य सामान दिखाने की बात कही। वह लगातार अलग-अलग डिजाइन देखने और सवाल पूछने लगी, जिससे दुकानदार पूरी तरह उसी में व्यस्त हो गया।
इसी बीच महिला के साथ आए दोनों युवक धीरे-धीरे कैश काउंटर के पास पहुंचे और मौका मिलते ही वहां रखी नगदी निकाल ली। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया, ताकि दुकान में मौजूद किसी अन्य व्यक्ति को इसकी भनक तक न लगे। कुछ देर बाद जब दुकानदार ने काउंटर की जांच की तो नगदी गायब मिली। इसके बाद दुकान संचालक के होश उड़ गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, काउंटर से करीब 5 से 7 हजार रुपए नगद चोरी हुए हैं।
ये भी पढ़ें-
इंदौर के पिगंडबर चौराहे पर कांग्रेस का चक्काजाम, एबी रोड पर ट्रैक्टर लगाकर रोका रास्ता
CCTV फुटेज बना जांच का आधार
घटना के बाद दुकान में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिसमें तीनों आरोपी स्पष्ट रूप से नजर आ रहे हैं। फुटेज में महिला दुकानदार को बातचीत में उलझाती दिखाई दे रही है, जबकि उसके साथी संदिग्ध गतिविधियां करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि वारदात पूरी तरह योजनाबद्ध तरीके से की गई है। आरोपियों ने पहले दुकानदार का ध्यान भटकाया और फिर चोरी की घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की आवाजाही और उनकी पहचान से जुड़े सुराग मिल सकें। फिलहाल मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
व्यापारियों में बढ़ी चिंता
मेन रोड जैसे भीड़भाड़ वाले कारोबारी क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद व्यापारियों में चिंता का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि अब बदमाश नए-नए तरीके अपनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है।