फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एमपी: लिफ्ट मांगकर बाइक पर बैठा, फिर सुनसान रास्ते में घेरा; चाकू अड़ाकर युवक को बनाया बंधक, तीन गिरफ्तार

Tue, 06 Oct 2026 07:40 AM IST
छिंदवाड़ा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, छिंदवाड़ा

सार

छिंदवाड़ा में लिफ्ट मांगकर बाइक सवार युवक को सुनसान रास्ते पर ले जाकर बंधक बनाने और चाकू की नोक पर फोन-पे से अलग-अलग खातों में रुपए ट्रांसफर कराने के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
 
विज्ञापन
कार्रवाई करने वाली टीम - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

छिंदवाड़ा  के मानसरोवर बस स्टैंड के पास शराब दुकान के सामने खड़े युवक ने खजरी जाने के लिए बाइक सवार से लिफ्ट मांगी। बाइक पर बैठकर कुछ दूर पहुंचा तो उसके दो साथी रास्ते में मिल गए। इसके बाद तीनों ने बाइक सवार को खजरी रोड के सुनसान हिस्से में ले जाकर घेर लिया। चाकू अड़ाकर उसके साथ मारपीट की और उसे बंधक बना लिया। आरोपियों ने उसका मोबाइल अपने कब्जे में लेकर PhonePe से अलग-अलग खातों में रुपए ट्रांसफर कराए। रुपए देने में आनाकानी करने पर अंगूठा काटने की धमकी दी और इसका प्रयास भी किया।

26 सितंबर को हुई इस वारदात में कोतवाली पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 43,500 रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल वाहन सहित दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों के चोरी की अन्य घटनाओं से जुड़े होने के सुराग भी मिले हैं।

पीड़ित को सिर्फ इतना याद था- नाम अम्मू है

विज्ञापन

ग्राम मुरमारी निवासी पवन कुमार चंद्रवंशी ने 2 अक्टूबर को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पवन ने पुलिस को बताया कि 26 सितंबर को वह मानसरोवर बस स्टैंड के पास था। इसी दौरान एक युवक ने खजरी जाने के लिए उससे लिफ्ट मांगी। उसने उसे बाइक पर बैठा लिया। आगे उसके दो साथी भी साथ हो गए और उसे सुनसान रास्ते पर ले गए। पवन ने पुलिस को बताया कि आरोपियों में से एक को दूसरे साथी ‘अम्मू’ कहकर बुला रहे थे। पीड़ित ने पुलिस से कहा कि सामने आने पर वह उसे पहचान सकता है। पुलिस ने इसके बाद बैंक ट्रांजेक्शन खंगाले। जांच में सामने आया कि पवन के खाते से अम्मू उर्फ इम्मू शाह के खाते में रुपए ट्रांसफर हुए थे। यही ट्रांजेक्शन पुलिस के लिए आरोपियों तक पहुंचने का अहम सुराग बना।

मते कॉलोनी में मिले तीनों
पुलिस ने अम्मू उर्फ इम्मू शाह की तलाश की तो वह अपने साथियों उवैश खान और शेख अलमाश उर्फ छोटे के साथ मते कॉलोनी में मिला। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तीनों ने वारदात करना स्वीकार किया।पुलिस ने आरोपियों से 43,500 रुपए बरामद किए हैं। इसके साथ घटना में इस्तेमाल स्कूटी और पीड़ित की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। जब्त दो मोटरसाइकिलों की कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें- एमपी में मानसून विदा, फिर भी 4 दिन बारिश: पूर्वी हिस्से में बरसेंगे बादल, भोपाल-इंदौर में धूप, रातें ठंडी

महंगे शौक के लिए अपराध, अब चोरी के मामलों की भी जांच
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी महंगे शौक पूरे करने के लिए अपराध कर रहे थे। तीनों से शहर में हुई चोरी की अन्य घटनाओं के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि अपहरण के बाद पवन को किस स्थान पर ले जाकर रखा गया था। इस संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने आगे की विवेचना के लिए उनका रिमांड लिया है।

तीनों के खिलाफ पहले से दर्ज हैं अपराध
गिरफ्तार आरोपियों में अम्मू उर्फ इम्मू शाह (18 वर्ष 10 माह), निवासी शिव नगर कॉलोनी; उवैश खान (22 वर्ष), निवासी मालवी नगर और शेख अलमाश उर्फ छोटे (18 वर्ष 6 माह), निवासी शिव नगर कॉलोनी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों के खिलाफ पहले से चोरी और मारपीट के अपराध दर्ज हैं। कार्रवाई एसपी छिंदवाड़ा के निर्देशन, सीएसपी अभिषेक चौधरी के मार्गदर्शन और कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष कुमार धुर्वे के नेतृत्व में की गई। टीम में उप निरीक्षक रंजीत धुर्वे, सउनि ब्रिजेश रघुवंशी सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। एसपी ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें