हरिओम का सपना है कि वह जिला कृषि अधिकारी बनकर किसानों की मदद करें। हरिओम ने बताया कि उसने सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रोजाना 2 से 3 घंटे पढ़ाई की। इसी से उसे सफलता मिली है।
छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा में रहने वाले हरिओम साहू ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में कृषि संकाय से प्रदेश में टॉप कर मिसाल कायम की है। ज्ञानदीप हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र हरिओम ने 500 में से 484 अंक प्राप्त किए हैं। एक सामान्य किसान परिवार से आने वाले हरिओम के पिता सालकराम साहू और माता, दोनों ही किसान हैं। कठिन परिश्रम और फोकस के दम पर हरिओम ने यह मुकाम हासिल किया।
हरिओम का सपना है कि वह जिला कृषि अधिकारी बनकर किसानों की मदद करें। हरिओम ने बताया कि उसने सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रोजाना 2 से 3 घंटे पूरी एकाग्रता से पढ़ाई। उसका मानना है कि कम समय में भी बेहतर तैयारी संभव है, यदि लगन से की जाए।
हरिओम ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उसकी इस उपलब्धि पर स्कूल और गांव में जश्न का माहौल है। जिला शिक्षा अधिकारी श्री बघेल ने भी हरिओम और सभी सफल छात्रों को शुभकामनाएं दी हैं।