नगर पालिका निगम छिंदवाड़ा की मेयर इन काउंसलिंग की बैठक बुधवार निगम कार्यालय में हुई, जिसमें नगर महापौर विक्रम अहके की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शहर विकास के विभिन्न प्रस्ताव को पारित किया गया। इसमें मुख्य रूप से कुंडीपुरा थाने में फायर स्टेशन बनाने और मानसरोवर कांप्लेक्स के पीछे बिरसा मुंडा की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
MIC की इस बैठक में मुख्य रूप से स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत लीगेसी वेस्ट का रेमेडीयेशन किए जाने हेतु मेयन इन काउंसलिंग के समक्ष निविदा दर एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग भोपाल को आकस्मिक व्यय जैसे जलप्रदाय, स्वास्थ्य, फायर, फिल्टर प्लांट मैटेनेंस, विद्युत के आकस्मिक कार्य, अग्निशमन आदि के देयकों के भुगतान हेतु अनुदान प्रदाय करने हेतु प्रस्ताव प्रेषित किे जाने की स्वीकृति के प्रस्ताव रखे गए।
एमआईसीसी की बैठक में नगर पालिका निगम छिंदवाड़ा के मुख्य मार्गों का कायाकल्प अभियान अंतर्गत डामरीकृत सड़कों का नवीनीकरण (बीटी रिन्यूअल) कार्य लागत 7.68 करोड़ रुपये के कार्यों में सिवनी मार्ग में अतिरिक्त कार्य किये जाने एवं अन्य दो मार्गों को परियोजना से हटाये जाने की स्वीकृति दी गई। जबकि अमृत 2.0 के अंतर्गत नगर पालिका निगम छिंदवाडा में सीवर योजना के दर अनुमोदन की स्वीकृति दी गई।
कुंडीपुरा में बनेगा फायर स्टेशन
कुंडीपुरा क्षेत्र में विशेष रूप से फायर स्टेशन बनाए जाने को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया, जिससे अब इस क्षेत्र में आग बुझाने में काफी आसानी होगी। दरअसल, वर्तमान में निगम के तीन फायर वाहन उपलब्ध रहते हैं। किंतु कुंडीपुरा थाना के आसपास कोई अग्निशमन दुघर्टना होने पर अग्निशमन वाहन जाने में अत्याधिक समय लग जाता है। कुंडीपुरा थाना में फायर स्टेशन बनाकर एक अग्निशमन वाहन रखने के संबंध में प्रस्ताव प्रस्तुत हुआ है।
निगम कर्मियों को एक मुश्त दी जाएगी बकाया राशि
एमआईसी की बैठक में नगर निगम के सेवानिवृत्त या मृत कर्मचारियों की बकाया राशि का भुगतान एकमुश्त भुगतान करने का निर्णय लिया गया, जिसमें सेवानिवृत्त या मृत कर्मचारियों के बकाया भुगतान के लिए एक अलग बैंक खाता खोला जाएगा और प्रतिदिन होने वाली आय में से 50,000 रुपये उस खाते में जमा किए जाएंगे।