छिंदवाड़ा के पांढुर्णा में सीएम राइज स्कूल के स्पोर्ट्स टीचर ने 12वीं के छात्र से उठक बैठक लगवाई। चक्कर आने पर थप्पड़ भी मारे और वह बेहोश हो गया। फिर साथी छात्रों के जरिए घर भिजवा दिया। बेहोश बेटे को परिजन मोपेड से लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे।
बता दें कि घटना मंगलवार सुबह की है। छात्र 15 मिनट देरी से स्कूल आया था, जिसके बाद टीचर ने उसे सजा दी। छात्र के परिजनों ने टीचर के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित छात्र बोला- चक्कर आने लगे तो थप्पड़ मारे
पीड़ित छात्र ने बताया कि वह मंगलवार सुबह 10.35 बजे स्कूल पहुंचा था। स्पोर्ट्स टीचर खेल सिंह मरकाम ने बुला लिया। उन्होंने पहले कमर पर हाथ रखकर घुमाया। इसके बाद उठक बैठक कराई। इस दौरान मुझे चक्कर आने लगे तो कनपटी पर थप्पड़ मार दिए।
मां बोली- दरवाजा खोला तो बेहोश था बेटा
छात्र की मां ने बताया कि वह घर में थी। बाहर से आवाज आई, तब दरवाजा खोला तो बेटे के दोस्त उसे पकड़ कर खड़े थे। बेटा बेहोश था, हम उसे तत्काल सिविल अस्पताल लेकर गए। वहीं, स्पोर्ट्स टीचर खेल सिंह मरकाम ने बताया कि छात्र रोजाना लेट आता है। मंगलवार को भी वह लेट पहुंचा। उसे कमर पर दोनों हाथ पकड़कर उठक बैठक कराई, लेकिन वह एक ही हाथ कमर पर रखे था। इसलिए उसके सिर के पीछे धीरे से मारा था।