खाने में इल्ली निकलने के विरोध में छात्रावास के बाहर छात्राओं ने धरना दिया।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के एक कन्या छात्रावास के खाने में इल्लियां निकलने पर छात्राओं ने जमकर हंगामा किया। करीब 300 छात्राओं ने छात्रावास के बाहर धरना दिया। प्राचार्य के खिलाफ नारेबाजी की। करीब तीन घंटे तक हंगामा चलता रहा। छात्राओं का कहना है कि प्रबंधन से इल्ली निकलने की शिकायत की जाती है तो वे कहते हैं इल्ली निकालकर खाना खा लो।
जानकारी के अनुसार मामला आदिवासी विकासखंड जुन्नारदेव के कन्या छात्रावास का है। छात्राओं का कहना था कि शुक्रवार को जब खाना परोसा गया तो उसमें इल्लियां दिख रही थीं, शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी। इसलिए आखिर में धरने देने का रास्ता अपनाना पड़ा। छात्राओं का कहना था कि खाने में अक्सर इल्ली निकलने का मामला आता है। प्रबंधन से शिकायत करो तो वे कहते हैं इल्ली निकालकर खा लो।
करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन करती रहीं छात्राओं का कहना है कि छात्रावास में सुविधाओं का अभाव है। लाईब्रेरी में पुस्तक नहीं है। समस्याओं को लेकर यदि प्राचार्य से कहा जाता है तो वे भी दुर्व्यवहार करने लगती हैं। छात्रावास के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठीं छात्राओं ने बीईओ एमआई खान से कहा कि प्राचार्य के द्वारा किए जा रहे दुर्व्यवहार को लेकर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए, वहीं जो खराब भोजन उन्हें परोसा गया है उसकी भी जांच की जाए। बीईओ ने छात्राओं को उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।