छिंदवाड़ा जिले के सौसर में एक पति ने अपनी सात माह की गर्भवती पत्नी की ईंट पटक कर बेरहमी से हत्या कर दी। पति-पत्नी के बीच किसी मामूली बात पर विवाद हुआ था, जिस पर नाराज पति ने गुस्से में पत्नी की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना सौसर थाना क्षेत्र के बेरडी की बताई जा रही है। महिला की हत्या से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला का शव उसके घर में ही मिला था। उसके शरीर में कई जगह घाव एवं चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस जांच में पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि शनिवार को पारिवारिक विवाद के चलते पति ने ईंट से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि दो साल पूर्व 25 वर्षीय रेणुका और किशोर कुड़ापे ने कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच पारिवारिक बातों को लेकर विवाद हुआ करता था। सात माह की गर्भवती रेणुका पिछले छह माह से एक ही घर में पति से अलग रह रही थी। शनिवार को विवाद के दौरान पति किशोर ने चूल्हे की ईंट से रेणुका पर हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। रविवार को पुलिस ने पीएम के बाद किशोर के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने बताया कि रेणुका और किशोर के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था। न्यायालय में प्रकरण दायर कर रेणुका अपने पति किशोर से खाना खर्च के एक हजार रुपये प्रतिमाह ले रही थी। रेणुका का पूर्व में एक विवाह हो चुका था। किशोर से प्रेम संबंध होने की जानकारी मिलने पर पहले पति ने उसे छोड़ दिया था। इसके बाद किशोर और रेणुका ने कोर्ट मैरिज कर ली थी।