छिंदवाड़ा में बिछुआ के खमरा जमुनिया में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब यहां स्टोन क्रशर मैं तैनात सुपरवाइजर का शव क्रशर के गेट पर पड़ा मिला। उसके बाद तत्काल उसके परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हत्या का मामला दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
बिछुआ टीआई से मिली जानकारी के अनुसार, डोंगर गांव निवासी गोविंद पिता विश्राम डेहरिया यहां विठला स्टोन क्रेशर में सुपरवाइजर था। रात के वक्त वह यहां चौकीदारी भी करता था। रोज अपने घर से वह बाइक में सवार होकर यहां आता था और सुबह घर लौट जाता था। लेकिन मंगलवार को गोविंद घर नहीं लौटा, जिसके बाद उससे संपर्क करने का प्रयास उसके परिजनों ने किया तो संपर्क नहीं हो पाया। बाद में उसके पिता विश्राम डेहरिया गोविंद की जानकारी लेने यहां पहुंचे तो वह मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। उसका जबड़ा टूटा था, वहीं शरीर पर मारपीट के निशान थे। उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त थी। यह देखकर उन्होंने अन्य ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। वहीं, पुलिस भी मौके पर पहुंची, जहां मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बंद पड़ा है क्रशर, सिर्फ देखरेख करता था गोविंद
ग्रामीणों की माने तो जिस क्रेशर का सुपरवाइजर गोविंद था, वह लंबे समय से बंद पड़ा हुआ है। ऐसे में क्रशर बंद होने के बाद पूरा जिम्मा गोविंद के पास था। वह रोजाना रात में यही रूकता था। वहीं, अचानक सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात उस पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया और उसकी जान ले ली। इस मामले को लेकर पुलिस को अहम सुराग लगे हैं। वहीं, हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है।
पिता से अलग रहता है गोविंद
पुलिस की माने तो गोविंद ने आदिवासी महिला से शादी किया था, जो अपने पिता से अलग रहता था।वहीं, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। हालांकि, मृतक के पिता की माने तो गोविंद या उसके ससुराल वालों से किसी तरह का भी उनका कोई विवाद नहीं था। ऐसे में सारे मामले को लेकर अलग-अलग दिशा में पुलिस जांच कर रही है।