जिला बनने के बाद आज पहली बार प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पांढुर्ना आ रहे हैं। मुख्यमंत्री का यह दौरा अपने आप में खास माना जा रहा है, क्योंकि जिला बनने के बाद वे पहली बार आ रहे हैं। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक नई सौगात दे सकते हैं। वहीं, आमसभा में अपने किए गए वादे को पूरा करने और आने वाले समय में पांढुर्ना में होने वाले विकास कार्यों को लेकर कुछ विशेष घोषणा कर सकते हैं। एक दिन पहले कलेक्टर मनोज पुष्प और एसपी विनायक वर्मा ने बीते दिन पांढुर्ना का भ्रमण किया। साथ ही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर मनोज पुष्प और एसपी विनायक वर्मा ने सीएम के आगमन को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई। शनिवार को ही पांढुर्ना जिले में नवागत कलेक्टर अजयदेव शर्मा और एसपी राजेश कुमार त्रिपाठी पदभार ग्रहण करेंगे। पांढुर्ना के जिला बनने से छिंदवाड़ा की राजस्व सीमा में खासा असर पड़ा है।
चार थाने और तीन चौकी हुई स्थापित
पांढुर्ना प्रदेश का 55वां जिला बन गया है और आज से अस्तित्व में आ जाएगा। नए जिले के साथ ही सबसे छोटे जिले का तमगा भी पांढुर्णा को मिला है, दरअसल इस जिले में महज चार थाने और तीन चौकी होंगी। छिंदवाड़ा से हटने के बाद पांढुर्णा जिले में लोधीखेड़ा, मोहगांव, सौंसर और पांढुर्णा थाने का समावेश है, जबकि पिपला नारायणवार, नांदनवाडी, बढचिचोली और हाईवे चौकी को भी वहीं शामिल किया गया है। इस जिले में दो अनुविभाग सौंसर और पांदुर्णा शामिल हैं जो आज से पांढुर्णा जिले में शामिल रहेंगे।