दर्द बयां करते हुए रो पड़ी बच्ची
- फोटो : अमर उजाला
छिंदवाड़ा में आदिवासी विकास खंड जुन्नारदेव के चिकटबर्री के उमराढाना के स्कूली बच्चे बारिश में नदी के कारण स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। इसको लेकर मंगलवार को स्कूली छात्र-छात्राएं ग्रामीणों के साथ जिला कलेक्टर ऑफिस पहुंचे। यहां उन्होंने ज्ञापन देकर तत्काल कन्हान नदी पर पुलिया व्यवस्था करने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई साल से शिकायत कर रहे हैं। बावजूद इसके आज तक उनके गांव में कन्हान नदी पर पुलिया नहीं लगाई गई है, जिसके कारण समस्या सामने आ रही है। स्कूली बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। ऐसे में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत करते-करते रोने लगी बच्ची...
ग्रामीणों के साथ कलेक्ट्रेट आई एक बच्ची अपनी पीड़ा सुनाते समय रोने लगी। दरअसल, बच्ची का कहना था कि कई बार नदी में बाढ़ आने के कारण स्कूल नहीं जा पाती है, जिसके कारण स्कूल की मैडम उसे डाटती है। सलाम ग्राम से आए बच्चों का कहना है कि उनके गांव में स्कूल खुलवा दिया जाए या कन्हान नदी पर पुलिया लगा दी जाए।
छिंदवाड़ा मॉडल और प्रदेश सरकार की योजनाओं पर उठे सवाल...
चिकटबर्री से आए हुए ग्रामीणों की समस्या को देखकर छिंदवाड़ा मॉडल और प्रदेश सरकार के सुशासन पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिरकार पिछले साल में कन्हान नदी पर पुलिया क्यों नहीं डाली गई। ऐसे में ग्रामीण काफी परेशान हैं और लगातार शिकायत कर रहे हैं कि तत्काल उनके गांव में आवागमन से हो रही परेशानी से निजात दिलाई जाए।