धीरेंद्र शास्त्री के साथ चले संजय दत्त और ग्रेट खली
- फोटो : अमर उजाला
छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री हिंदू एकता पदयात्रा निकाल रहे हैं। जहां इस पदयात्रा में शामिल होने बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त भी खजुराहो पहुंचे थे। यात्रा जब एमपी यूपी की सीमा से लगे देवरी गांव पहुंची तो भक्तों ने बुलडोजर पर खड़े होकर पुष्प वर्षा कर यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान संजय दत्त को देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा, संजय दत्त (संजू बाबा) सनातन एकता का ध्वज हाथ में लेकर धीरेंद्र शास्त्री संग चल रहे थे।
बता दें कि एक्टर संजय दत्त स्पेशल चार्टर्ड प्लेन से खजुराहो पहुंचे और उसके बाद बागेश्वर बाबा की यात्रा में शामिल होने के लिए कार से निकल पड़े। जहां देवरी गांव में यात्रा में संजय दत्त पहुंचे और धीरेंद्र शास्त्री के साथ यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उनके हाथ में हिंदुत्व का प्रतीक भगवा ध्वज था।
मीडिया से बोले संजू बाबा
यहां संजय दत्त ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बाबा बागेश्वर की यात्रा में शामिल होने आया हूं।बता दें कि इससे पहले भी संजय दत्त बाबा बागेश्वर से मुलाकात कर चुके हैं। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री छतरपुर के बागेश्वर धाम से रामराजा सरकार की नगरी ओरछा तक पदयात्रा कर रहे हैं। यह यात्रा 21 नवंबर से शुरू हुई है और 29 नवंबर तक चलेगी। इस दौरान वे 160 किलोमीटर तक पैदल यात्रा करेंगे।
बाबा बगेश्वर की यह सनातन पद यात्रा बागेश्वरधाम से ओरछा तक जातपात, छुआछूत के खत्म करने को लेकर निकली जा रही है। यात्रा में सैंकड़ों लोग शामिल हो रहे हैं। जहां से भी यात्रा निकलती है, स्वागत के लिए भीड़ उमड़ पड़ती है। यात्रा को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 600 से ज्यादा पुलिस जवान पूरी यात्रा के लिए लगाए गए हैं। इसके साथ ही बाबा के बाउंसरों की फौज अलग से है, जो बाबा को प्रोटेक्ट करती है।