पत्नी की शिकायत लेकर एसपी ऑफिस पहुंचा पति
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के छतरपुर में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक विवाहिता अपने देवर के साथ भाग गई। उसके पीछे उसका मकसद है कि देवर दिखने में सुंदर है और उसे बच्चे भी सुंदर चाहिए। इधर पति का कहना है कि वो चली गई, हमें मतलब नहीं पर वो जहर खाकर हमें फंसाने की धमकी दे रही है। हम अपनी सुरक्षा के लिए एसपी से गुहार लगाने आए हैं कि मुझे मेरी बीवी से बचाया जाए।
जानकारी के अनुसार छतरपुर में खूबसूरत बच्चे की चाह और देवर के प्यार में पागल महिला अपने पति को छोड़कर देवर के साथ घर से भाग गई है। महिला ने 10 साल शादी के गुजरने के बाद भी पति से बच्चा नहीं किया, उसका कहना था कि वह ख़ूबसूरत बच्चा चाहती है और उसका पति ख़ूबसूरत नहीं है, देवर पति की अपेक्षा ख़ूबसूरत है और वह उससे (देवर से) बच्चा चाहती है। इसी के चलते वह देवर को चाहने लगी और देवर से शारीरिक संबंध बनाने लगी। इस सब को देख सास ने बहु को ऐसा करने से रोका तो दोनों घर से भाग गए। जिससे अब पूरा परिवार एसपी ऑफिस न्याय की गुहार लगाने पहुंचा है।
क्या चाहता है पति
पति ने बातचीत में बताया कि मेरी पत्नी मेरे छोटे भाई के साथ भाग गई है। वह सुंदर बच्चा चाहती है, और मेरा भाई सुंदर है तो उसके साथ संबंध बनाने लगी। वो चली गई है, पर अब वो दोनों जहर खाकर जान देने की बात कह रहे हैं और कह रहे कि इसकी जवाबदारी तुम्हारी रहेगी। मैं इस बात से परेशान होकर एसपी ऑफिस गुहार लगाने पहुंचा हूं। बीवी कुछ कर लेती है तो मैं जिम्मेदार नहीं रहूंगा। छतरपुर शहर के सीताराम कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय राजेन्द्र कुशवाहा पिता मनप्यारे कुशवाहा ने अपने परिवार सहित SP आफिस आकर आवेदन दिया और बताया कि उसकी शादी 10 साल पहले मीना कुशवाहा से हुई थी। जो कि उसके छोटे भाई के साथ भाग गई है। जहां अब वह मैसेज कर खुद की जान देने की बात कर रही है। तो परिजन खुद के बचाव के लिए SP ऑफिस पहुंचे हैं कि एक तो वह गलत करके अपने देवर को लेकर भाग गई है। ऊपर से हम लोगों को जान देने की धमकी देकर परेशान कर रही है कि अगर वह कुछ करती है तो इसके जिम्मेदार हम लोग यानी ससुराल के होंगे। अतः अब हम चाहते हैं कि उसे जहां जाना है जिसके साथ रहना है रहे पर हमें परेशान न करे। हमारी जितनी जग हंसाई बदनामी होनी थी हो चुकी अब और कलंक नहीं लेना और लगवाना चाहते हैं।
ASP बोले गुमशुदी का मामला दर्ज..
इस पूरे मामले में जब एडिशनल एसपी विक्रम सिंह से बात की तो उनका कहना है कि उक्त पति की शिकायत पर में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया है। मामले में जांच और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
झाड़-फूंक भी कराई पर बीवी नहीं आई काबू में
मामले में पति बताता है कि बीवी शुरू से ही मुझसे प्यार नहीं करती थी और मुझे बच्चा भी नहीं चाह रही थी। मैं उसके करीब आता तो वह मुझसे दूर चली जाती थी। मैं काफी परेशान रहा करता था। मैंने सब ठीक करने के लिए झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र, देवता-गुनिया भी कराए, पर लाभ नहीं हुआ। एक बाबा के पास गया तो उन्होंने कहा कि तुम लोग अपवित्र हो गए हो। दोनों जाकर गंगा नहा आओ फिर बच्चा भी हो जाएगा और खूबसूरत भी होगा फिर सब ठीक हो जाएगा। इस बात को मैनें अपनी पत्नी से बताया कि चलो अपन गंगा नहा आते हैं। तो पत्नी बोली कि मुझे तुमसे बच्चा ही नहीं चाहिए और न ही मैं तुम्हारे साथ गंगा नहाना ही नहीं चाहती हूं, बल्कि मैं तो तुमसे ही गंगा नहाना चाहती हूं (तुमसे छुटकारा पाना चाहती हूं) और मैं गंगा नहाऊंगी तो अपने प्यार (यानि तुम्हारे छोटे भाई और अपने देवर) के साथ जिससे मैं प्यार करती हूं और उसी से बच्चा चाहती हूं। वह देखने में तुमसे सुंदर है और उसी से सुंदर बच्चा भी करूंगी।