पंडित धीरेंद्र शास्त्री गुरुवार रात को आठ दिवसीय विदेश यात्रा पर रवाना हो गए हैं। यात्रा पर जाने से पहले उन्होंने भक्तों से कहा, हम छठवें कन्या विवाह का निमंत्रण देने लंदन और ऑस्ट्रेलिया जा रहे हैं। कनाडा और बंग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है, उसके लिए हिंदुओं को जगाना है। भारत में तो हम लोगों को हम बचा सकते हैं, लेकिन वहां के लोगों को कैसे बचा पाएंगे। इसलिए हमने सोचा है कि विदेशों में रह रहे हिंदुओं को बचाना बहुत जरूरी है।
देश के जाने माने कथावाचक और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री आठ दिवसीय विदेश यात्रा पर रवाना हो गए हैं। पहले वह ऑस्ट्रेलिया जाएंगे, यहां उनका पांच दिन का कार्यक्रम है। उसके बाद लंदन में उनका दिव्य दरबार सजेगा। उससे पहले बाबा बागेश्वर ने दरबार में नेपाल से आए हुए परिवार का उदाहरण देते हुए कहा, यह नेपाल से आई हैं। नेपाल एक समय तक हिंदू राष्ट्र था। लेकिन आज हाल यह है कि नेपाल हिंदू राष्ट्र नहीं बचा है। इसके बाद सभी भक्तों की सामूहिक अर्जी लगाकर बागेश्वर महाराज विदेश यात्रा के लिए रवाना हो गए।
ऑस्ट्रेलिया में सजेगा दिव्य दरबार
धीरेंद्र शास्त्री 14 दिसंबर से 21 दिसंबर तक लंदन और ऑस्ट्रेलिया की यात्रा पर रहेंगे। बाबा बागेश्वर लंदन और ऑस्ट्रेलिया की यात्रा के लिए हरपालपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे तो भक्तों का तांता लग गया। जय श्रीराम के नारों से पूरा स्टेशन गूंजने लगा। बाबा ने एक बुजुर्ग को गले लगाकर आशीर्वाद दिया।बाबा संपर्क क्रांति ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हुए। दिल्ली से वे ऑस्ट्रेलिया के लिए उड़ान भरेंगे।ऑस्ट्रेलिया में कथा का आयोजन करेंगे। इस कथा में हजारों की संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।