छतरपुर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। शहर के व्यस्त इलाकों का निरीक्षण कर यहां-वहां खड़े वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। शनिवार को चौक बाजार में पुलिस और वाहन चालक की तीखी बहस हो गई।
जानकारी के मुताबिक यातायात पुलिस इन दिनों काफी सक्रिय है। कई दिनों से चालानी कार्रवाई की जा रही है। वाहन उठाने के लिए पशु वाहन का उपयोग किया जा रहा है। वाहन जब्त करने का कारण यहां-वहां खड़े करना बताया जा रहा है। जिन पर चालानी कार्रवाई हो रही हैं, वे नाराज हैं। उनका कहना है कि शहर में पार्किंग की व्यवस्था नहीं है, फिर ऐसी कार्रवाई का कोई मतलब नहीं रह जाता।
पुलिस से भिड़ गया गाड़ी मालिक
गाड़ी ले जाने लगी पुलिस तो भिड़ गया वाहन मालिक
- फोटो : अमर उजाला
यातायात पुलिस ने शनिवार को बस स्टैंड से चौक बाजार, कोतवाली महल तिराहा, डाकखाने वाली सड़क पर खड़े वाहनों को पशु वाहन में लादा। मौके पर चालान काटे। चौक बाजार स्थित एक दुकान के सामने से स्कूटी उठाने पर वाहन मालिक की ट्रैफिक पुलिस से भारी बहस हो गई। मामला तू-तू-मैं-मैं तक पहुंच गया। वह गाड़ी नहीं ले जाने के लिए अड़ गया था। मामला बिगड़ता देख ट्रैफिक प्रभारी माधवी अग्निहोत्री ने समझाइश दी, तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ।
लोगों की अपनी व्यथा
ट्रैफिक पुलिस और नगर पालिका की इस संयुक्त कार्यवाई पर लोगों का कहना है जिम्मेदारों का कहना है कि वाहन पार्किंग में खड़े करें, पर शहर में कहीं भी कार पार्किंग की व्यवस्था ही नहीं है तो हम कहां वाहन खड़े करें। प्रशासन को चाहिए कि पहले जगह-जगह पार्किंग की व्यवस्था बनाए, उसे सुचारू करें फिर अगर हम लोग अमल न करें तो बेशक कार्रवाई की जाए।
पशु वाहन में भरे जा रहे जब्त वाहन
पशु वाहन में रखे जा रहे जब्त वाहन।
- फोटो : अमर उजाला
गौरतलब है कि छतरपुर नपा और यातायात पुलिस पशु वाहन का इस्तेमाल सड़क किनारे और बेतरतीब खड़े वाहनों को ले जाने में कर रही है। नगरपालिका का पशु वाहन आवारा पशुओं के लिए आरक्षित है। पिंजरानुमा इस वाहन पर बाकायदा पशु वाहन लिखा हुआ है बावजूद इसका अभी तक इसके लिए इस्तेमाल ही नहीं किया गया। इसे लेकर भी चर्चाएं हैं।