नाव से नदी पार की फिर ट्रैक्टर से गांव पहुंचे अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन ने गांवों में पहुंचकर शिविर लगाने की पहल शुरू की है। इसी क्रम में ग्राम खारियानी में शिविर आयोजित किया गया। यहां अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और पात्र हितग्राहियों से विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन लिए।
ग्रामीणों तक पहुंचने के लिए प्रशासनिक टीम को मुश्किल रास्ता भी तय करना पड़ा। नवागत बिजावर एसडीएम ऋषिकेश ठाकरे विभागीय अधिकारियों के साथ पहले नाव से नदी पार कर गांव के नजदीक पहुंचे। इसके बाद ट्रैक्टर से ग्राम खारियानी पहुंचकर शिविर में शामिल हुए। एसडीएम ने ग्रामीणों से उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिलाने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें: इंदौर: 33 साल प्लॉट का इंतजार और आज सब्र टूटा, आईडीए दफ्तर में घुसे रहवासी, गूंजी हनुमान चालीसा
शिविर में स्वास्थ्य विभाग और आयुष विभाग की टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। आयुष विभाग की टीम ने 41 लोगों और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 33 लोगों की जांच की। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद जरूरत के अनुसार ग्रामीणों को दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविर में लाड़ली बहना योजना के 31 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं पशुपालन विभाग ने डेयरी, बकरी पालन और भैंस पालन से संबंधित योजनाओं के लिए 17 आवेदन लिए। इसके अलावा पेंशन योजना के 4 और बीपीएल से संबंधित 7 आवेदन भी प्राप्त हुए।
प्रशासन का कहना है कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित क्षेत्रों में लगातार ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को पुनर्वास, जनकल्याणकारी योजनाओं और अन्य सुविधाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर ही आवेदन लेने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसका उद्देश्य यह है कि ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए दूर-दराज के सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
प्रभावित ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के लिए ग्राम कुपी में भी शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहेंगे। वे ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों के आवेदन भी प्राप्त करेंगे।