छतरपुर में शासकीय कार्यक्रम में मंच से लड़कियों पर किए गए भद्दे कमेंट्स
- फोटो : अमर उजाला
छतरपुर जिले में गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रस्तुत नाट्य कला झांकी के दौरान लड़कियों पर भद्दे कमेंट्स करने का मामला सामने आया है। दरअसल महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला सुरक्षा पर एक नाटक का मंचन पेश किया जा रहा था, जिसमें लड़कियों को छेड़छाड़ के लिए आवाज उठाने से संबंधित संदेश देना था। लेकिन कार्यक्रम के मंचन के समय माइक पर लड़कियों के लिए भद्दे शब्दों का प्रयोग किया गया, जिसकी निंदा की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर, एसपी, पूर्व मंत्री भी मौजूद रहे, लेकिन किसी ने इस कार्यक्रम का विरोध नहीं किया। कार्यक्रम के दौरान मौजूद बच्चियों, युवतियों और महिलाओं पर मंच से भद्दे कमेंट कर के महिलाओं को अपमानित किया गया। मौजूद युवतियों ने इस पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की है वहीं मामले में महिला बाल विकास अधिकारी जितेन्द्र गुप्ता मीडिया के सवालों का जवाब देने से बचते नजर आए। पूरे मामले में महिला एवं बाल विकास विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है, शासकीय कार्यक्रम में शब्दों की मर्यादा का ध्यान नहीं रखा गया।