मध्यप्रदेश में तपती गर्मी के बीच गुरुवार को मौसम ने अचानक रुख बदल लिया। भोपाल सहित कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली, जहां बारिश और तेज हवाओं से लोगों को गर्मी से राहत मिली। कई जिलों में तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली, जिससे जहां लोगों को राहत मिली, वहीं कुछ जगहों पर परेशानी भी बढ़ गई। राजधानी भोपाल में दोपहर बाद हल्की बारिश हुई। वहीं टीकमगढ़ में तेज आंधी के साथ ओले गिरने से मौसम एकदम बदल गया। सतना, मैहर और उमरिया में भी गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई। रायसेन, श्योपुर, बालाघाट, मुरैना और छतरपुर में भी हल्की बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि ग्वालियर में गर्मी का असर बना रहा और पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया।