भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और पूर्व सीएम कमलनाथ (फाइल फोटो)
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश की राजनीति में राम मंदिर का जिक्र एक बार फिर आने लगा है। इसकी वजह 22 जनवरी बताई जा रही है, जिस दिन अयोध्या में बन रहे भव्य मंदिर में भगवान श्रीराम विराजेंगे। हालांकि उन्हें इस मंदिर में पुनः स्थापित करने का श्रेय मोदी सरकार ले रही है। ऐसा हम नहीं बल्कि मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी का आरोप है। पटवारी का कहना है कि पीएम मोदी नीत केंद्र सरकार राम मंदिर के नाम पर राजनीति कर रही है।
हालांकि जीतू पटवारी के बयान पर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस यही करती रहेगी, कांग्रेस खत्म हो गई वह यही करे... हम अपना काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत बढ़ रहा है, आने वाले नौजवान बताएंगे कि भारत कहां पहुंच रहा है और दुनिया प्रधानमंत्री मोदी को कैसे नमस्कार कर रही है।
पंख प्रोजेक्ट के कार्यक्रम में हुए शामिल
दरअसल, बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष व खजुराहो सांसद वीडी शर्मा अल्प प्रवास पर कटनी जिले के जिले पहुंचे थे। जहां उन्होंने प्रोजेक्ट पंख के दूसरे बैच की शुरुआत होने के कार्यक्रम में शामिल हुए और वहां मौजूद छात्रों से मुलाकात की। इस दौरान विष्णुदत्त शर्मा पंख प्रोजेक्ट में सीखे और बनाए गए ड्रोन कैमरे को भी उड़ाते नजर आए।
'कांग्रेस का काम आरोप लगाना बचा है'
मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने जीतू पटवारी के राम मंदिर पर बीजेपी द्वारा राजनीति करने के आरोप पर जुबानी हमला किया। वीडी शर्मा ने कहा कि जिंदगी भर वह यही करेंगे। मोदी जी देश नहीं बल्कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं, जिन्हें 76 प्रतिशत लोगों ने भी माना है कि वे विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। तो वह भारत के प्रधानमंत्री मोदी हैं और कांग्रेस का काम आरोप लगाना बचा है, लगाती रहे।
'कमलनाथ जी अच्छे से आराम करें'
हालांकि जब वीडी शर्मा से पूर्व सीएम कमलनाथ पर सवाल किया कि उन्होंने दिल्ली न जाकर एमपी में रहने की बात कही है। इस पर सांसद वीडी शर्मा ने चुटकी लेते हुए कहा कि कौन मना कर रहा है, हम तो नहीं कह रहे हैं। वैसे भी भोपाल का मौसम तो बहुत अच्छा है और भोपाल के अंदर देश भर के लोग रहना चाहते हैं तो भोपाल बहुत अच्छा रहने का स्थान है। कमलनाथ जी आराम करें, अच्छे से करें। शुभकामनाएं हैं हमारी।