भोपाल नगर निगम में हितग्राहियों का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
भोपाल के आईएसबीटी स्थित नगर निगम कार्यालय में सोमवार को हाउसिंग फॉर ऑल प्रोजेक्ट की लेटलतीफी के विरोध में सैकड़ों हितग्राहियों ने प्रदर्शन किया। अधूरे प्रोजेक्ट्स से नाराज लोग बच्चों और महिलाओं के साथ पहुंचे और गेट पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम कमिश्नर और महापौर को बुलाने की मांग की। मौके पर पहुंचे कमिश्नर हरेंद्र नारायण का लोगों ने घेराव कर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम ने दिवाली तक मकान देने का वादा किया था, लेकिन अब तक मकान नहीं मिले। हिनोतिया आलम, 12 नंबर, बाग मुगालिया और गंगानगर में चल रहे हाउसिंग प्रोजेक्ट अधूरे हैं। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि पांच साल से मकान की किश्त और किराया दोनों भर रहे हैं। निगम हर बार तारीख देकर बहलाता है।
कमिश्नर का घेराव, प्रदर्शनकारी बोले- हमें मकान चाहिए
कमिश्नर हरेंद्र नारायण जब मौके पर पहुंचे, तो एक व्यक्ति उनके कदमों में गिरकर रो पड़ा और मकान देने की गुहार लगाई। नारायण ने लोगों को समझाते हुए भरोसा दिलाया कि जल्द ही मकान का काम पूरा कर पजेशन दिया जाएगा।
2017 में शुरू हुआ प्रोजेक्ट, अब तक अधूरा
हिनोतिया आलम में 2018 में प्रोजेक्ट शुरू हुआ था। इसे 18 माह में पूर्ण होना था। वहीं, 12 नंबर बस स्टॉप पर 2017 में पीएम आवास योजना के तहत एमआईजी, एलआईजी और ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स का निर्माण शुरू हुआ था। 247 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट को दो साल में पूरा करना था, लेकिन 6 साल बाद भी हितग्राहियों को मकान नहीं मिला है। इसके अलावा शहर के गंगानगर, भानपुर और क्षेत्रों में चल रहे हाउसिंग प्रोजेक्ट्स भी समय पर पूरे नहीं हो सके। हजारों लोग अपने घरों का इंतजार कर रहे हैं। नगर निगम कमिश्नर ने सभी अधूरे प्रोजेक्ट्स को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया है।
जल्द मिलेंगे सभी को मकान
महापौर मालती राय ने कहा कि सोमवार को नगर निगम कमिश्नर हिनोतिया आलम के प्रोजेक्ट को ही देखने गए थे। 30 नवंबर तक फ्लैट पूरे करने का समय दिया गया है। इस तारीख तक जितने फ्लैट का काम पूरा होगा, उनको हम आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।