आज की प्रमुख खबरें
1. सफाईकर्मियों की हड़ताल से शहर बेहाल, 400 से ज्यादा गाड़ियां खड़ी
भोपाल में सफाईकर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का गुरुवार को दूसरा दिन रहा। घरों, दुकानों और बाजारों से कचरा नहीं उठा। शहर में रोजाना करीब 850 से 900 टन कचरा निकलता है। हड़ताल के कारण न्यू मार्केट, बिट्टन मार्केट, एमपी नगर, चौक बाजार और बैरागढ़ समेत कई इलाकों में कचरे के ढेर लग गए हैं। कर्मचारी 25 हजार रुपये न्यूनतम वेतन, नियमितीकरण और ठेका प्रथा खत्म करने सहित 18 सूत्रीय मांगें उठा रहे हैं। कोटरा में व्यापारी खुद सफाई करने उतरे और दुकानदारों से कचरा बोरियों में रखने की अपील की।
2. केरवा डैम की नदी पर अतिक्रमण का आरोप, कोपरा डालकर बना दिया रास्ता
समसगढ़-मित्तूखेड़ी के बीच पश्चिमी भोपाल बायपास के पास केरवा डैम की मुख्य नदी में कोपरा और मिट्टी डालकर रास्ता बनाने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता राशिद नूर खान ने सरकारी जमीन के खसरा नंबर 112 पर अतिक्रमण, नदी का प्राकृतिक बहाव रोकने और पेड़ों को नुकसान पहुंचाने की शिकायत की है। कलेक्टर, एसडीएम हुजूर और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
3. हरदीप पुरी के निर्विरोध निर्वाचन पर कांग्रेस कोर्ट जाएगी
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के मध्यप्रदेश से निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद कांग्रेस ने निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। विधायक हेमंत कटारे और आतिफ अकील ने निर्वाचन अधिकारी के फैसले को अदालत में चुनौती देने की तैयारी की है। कांग्रेस ने नामांकन और शपथपत्र में कथित कमियों को लेकर आपत्तियां उठाई थीं। दो निर्दलीय प्रत्याशियों के नामांकन निरस्त होने के बाद पुरी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
4- दीपावली की खरीदारी में बदला ट्रेंड, हल्की ज्वेलरी और डिजाइनर लाइटिंग की मांग
धनतेरस और दीपावली को लेकर भोपाल के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। इस बार ग्राहक हल्के आभूषण, सोने-चांदी के सिक्के, डिजाइनर दीये, एलईडी झालरें और सजावटी सामान खरीद रहे हैं। गिफ्टिंग में ड्राई फ्रूट्स के आकर्षक पैक भी पसंद किए जा रहे हैं। चौक बाजार, न्यू मार्केट, दस नंबर, बिट्टन मार्केट और सड़क किनारे की दुकानों पर खरीदारी के विकल्प हैं। वहीं, दाल, चावल और सूखे मेवों की कीमतों में बढ़ोतरी से त्योहार का बजट भी बढ़ा है।
यह भी पढ़ें-भोपाल में कचरे से पटी सड़कें: आठ सौ गाड़ियां खड़ी, सफाईकर्मियों की हड़ताल के बीच व्यापारी खुद उतरे मैदान में
5- मौसम साफ, अब बढ़ेगी ठंड; रात का पारा दो डिग्री तक गिरने के आसार
मध्यप्रदेश में तूफान अर्नब और मुरासु का असर कमजोर पड़ने के बाद मौसम साफ रहने का अनुमान है। पांच से आठ नवंबर तक प्रदेश में बारिश का अलर्ट नहीं है। भोपाल और इंदौर में धूप खिली रहेगी। नवंबर के दूसरे सप्ताह से रात के तापमान में करीब दो डिग्री तक गिरावट आने और ठंड बढ़ने की संभावना है।